कोलंबो, 9 फरवरी। आईसीसी टी20 विश्व कप ग्रुप बी के मुकाबले में जिंबाव्बे ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए ओमान को 8 विकेट से हरा दिया। कोलंबो में खेले गए इस मुकाबले में पहले गेंदबाजों ने कमाल दिखाया और फिर ब्रायन बेनेट की नाबाद पारी ने जीत को आसान बना दिया।
गेंदबाजों ने ओमान को 103 रन पर समेटा
जिंबाव्बे के कप्तान सिकंदर रजा ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया, जिसे उनके गेंदबाजों ने पूरी तरह सही साबित किया।
तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी ने चार ओवर में 16 रन देकर 3 विकेट झटकते हुए ओमान के शीर्ष क्रम को झकझोर दिया। उन्हें रिचर्ड नगारवा (4 ओवर, 17 रन, 3 विकेट) का बेहतरीन साथ मिला। वहीं ब्रैंड इवांस ने 3.5 ओवर में 18 रन देकर 3 विकेट लेकर ओमान की पारी समेट दी।

ओमान की टीम महज 27 रन पर 5 विकेट गंवा चुकी थी। हालांकि विनायक शुक्ला (28 रन), सूफियान महमूद (25 रन) और नदीम खान (20 रन) की उपयोगी पारियों से ओमान किसी तरह 103 रन तक पहुंच सका।
बेनेट–टेलर की साझेदारी से आसान जीत
104 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिंबाव्बे की शुरुआत तेज रही। सलामी बल्लेबाज तादिवांशे मारुमनी ने 11 गेंदों पर 21 रन बनाए, लेकिन जल्द ही आउट हो गए। इसके बाद ब्रायन बेनेट और अनुभवी विकेटकीपर ब्रेंडन टेलर ने तीसरे विकेट के लिए 68 रन की साझेदारी कर टीम को जीत की दहलीज पर पहुंचा दिया।

ब्रायन बेनेट ने शानदार फॉर्म जारी रखते हुए 36 गेंदों पर नाबाद 48 रन बनाए, जबकि टेलर ने 30 गेंदों में 31 रन की उपयोगी पारी खेली (रिटायर्ड हर्ट)। जिम्बाब्वे ने 13.3 ओवर में 2 विकेट पर 106 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया।
जिम्बाब्वे ने दिखाया दम
टी20 विश्व कप के पिछले संस्करण में बाहर रहने के बाद जिंबाव्बे की टीम इस टूर्नामेंट में खुद को साबित करने के इरादे से उतरी है। गेंदबाजी और बल्लेबाजी, दोनों विभागों में संतुलित प्रदर्शन ने टीम के आत्मविश्वास को और मजबूत किया है।