पटना, 28 दिसंबर। पटना जिला क्रिकेट संघ की कमेटी ऑफ मैनेजमेंट की बैठक रविवार को संघ के कार्यालय पुष्पांजलि कॉम्प्लेक्स, बोरिंग रोड में शनिवार को संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता संघ के उपाध्यक्ष रहबर आबदीन ने की। इस बैठक में इस सत्र में घरेलू क्रिकेट के आयोजन से लेकर बिहार क्रिकेट संघ के घरेलू क्रिकेट समेत अन्य मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक शुरू होने से पहले सभी सदस्यों ने बिहार क्रिकेट संघ के निर्वाचित जिला प्रतिनिधि राजेश कुमार को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
बैठक में हुए फैसले के बारे में बताते हुए संघ के उपाध्यक्ष रहबर आबदीन ने बताया कि पटना जिला सीनियर डिवीजन और जूनियर डिवीजन क्रिकेट लीग का फॉर्म वितरण 3 और 4 जनवरी को फॉर्म वितरण किया जायेगा। फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 15 जनवरी है।
उन्होंने बताया कि लीग संचालन करने के लिए एक कमेटी का गठन किया गया है जिसके चेयरमैन धनंजय कुमार होंगे। इस कमेटी के उपाध्यक्ष डॉ मुकेश कुमार सिंह होंगे जबकि सदस्य के रूप में निशांत मोहन होंगे।
उन्होंने बताया कि पटना जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग की शुरुआत 18 जनवरी को होगी। उन्होंने कहा कि दोनों फॉरमेट के मुकाबले टर्फ विकेट पर खेले जायेंगे। कुल 8 टर्फ विकेट पर मुकाबले खेले जायेंगे।
उन्होंने कहा कि पटना जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग के उद्घाटन के अवसर ही पटना जिला जूनियर डिवीजन क्रिकेट लीग और महिला क्रिकेट लीग के आयोजन की घोषणा की जायेगी। उन्होंने कहा कि लीग की शुरुआत और पहले होती पर बीसीए चुनाव, पर्व-त्योहार और बिहार विधानसभा चुनाव के कारण देर से शुरू हो रही है पर आगे यह निरंतर चलती रहेगी।
उन्होंने कहा कि पटना जिला क्रिकेट संघ हमेशा क्रिकेट को प्राथमिकता देता आया है। उन्होंने कहा कि पटना जिला से संबंद्ध खिलाड़ी से लेकर क्लब के पदाधिकारियों के क्रिकेट की समस्या को दूर करने के लिए क्रिकेट संघ है। उन्हें क्रिकेट के संबंधित उचित समस्याओं को हर हाल में दूर किया जायेगा।