पटना, 10 सितंबर। बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित राष्ट्रीय तकनीकी पदाधिकारी (NTO) परीक्षा में सफलता प्राप्त कर बिहार बॉक्सिंग संघ की सचिव स्मिता कुमारी और राजीव कुमार सिंह को राष्ट्रीय तकनीकी पदाधिकारी बनने का गौरव प्राप्त हुआ है। यह पहली बार है जब बिहार से राष्ट्रीय तकनीकी पदाधिकारी बने हैं।
यह परीक्षा सब-जूनियर राष्ट्रीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता के दौरान आयोजित की गई थी, जो 7 से 13 अगस्त 2025 तक ग्रेटर नोएडा (उत्तर प्रदेश) में संपन्न हुई। इस उपलब्धि से बिहार के बॉक्सिंग खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भागीदारी और प्रदर्शन में विशेष लाभ मिलेगा।

स्मिता कुमारी और राजीव कुमार सिंह की इस सफलता पर बॉक्सिंग एसोसिएशन ऑफ बिहार के अध्यक्ष सह बिहार सरकार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, आईएएस दीपक कुमार सिंह, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवींद्र शंकरण, बिहार ओलंपिक संघ के अध्यक्ष अजय कुमार, बॉक्सिंग एसोसिएशन ऑफ बिहार के चेयरमैन ओम प्रकाश सिंह, उपाध्यक्ष बबन कुमार झा समेत बिहार खेल जगत और पूरा बिहार बॉक्सिंग परिवार ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।
