पटना, 23 जनवरी। आयुष लोहारुका (101 रन) के फर्स्ट क्लास क्रिकेट में पहली सेंचुरी की बदौलत बिहार ने उत्तरप्रदेश के खिलाफ रणजी ट्रॉफी मुकाबले में अपना स्कोर 200 रन के पार पहुंचाया। बिहार की पहली पारी में 86 ओवर में 248 रन पर सिमट गई। पहले दिन की खेल समाप्ति के समय उत्तरप्रदेश ने अपनी पहली पारी में 1 ओवर में बिना किसी नुकसान के 4 रन बना लिये हैं। अभिषेक गोस्वामी 4 रन और माधव कौशिक बिना खाता खोले खेल रहे हैं।
मैच की कहानी
स्थानीय मोइनुल हक स्टेडियम में शुक्रवार से शुरू हुए ग्रुप सी के इस मुकाबले में टॉस यूपी ने जीता और बिहार को बैटिंग का न्योता दिया। बिहार ने पहले खेलते हुए 86 ओवर में सभी विकेट खोकर 248 रन बनाये। बिहार के आयुष लोहारुका ने शतक जमाया। उत्तरप्रदेश ने अपनी पहली पारी में बिना किसी नुकसान के 4 रन बना लिये हैं और बिहार से भी 244 रन पीछे है।
बिहार बैटिंग
बिहार की बैटिंग की शुरुआत खराब रही। सलामी बल्लेबाज बाबुल कुमार मात्र 8 रन बना कर पवेलियन लौटे। इस समय टीम का स्कोर 20 रन था। अभी टीम के स्कोर में 5 रन की जुड़ा था कि जतीन यादव भी मात्र 5 रन पर पवेलियन लौट गए।
इसके बाद उम्मीद सकीबुल गनी पर टिक गई पर वह भी ज्यादा देर तक सलामी बैटर सरमन निगरोध का साथ नहीं दे पाये और 6 गेंद में 2 चौके के सहारे 8 रन बना कर शिवम मावी के शिकार बने। 35 रन पर बिहार के 3 बैटर पवेलियन लौट चुके थे।
इसके बाद सरमन निगरोध को आयुष लोहारुका का साथ मिला। इन दोनों के बीच 48 रन की साझेदारी हुई। सरमन निगरोध अपने अर्धशतक से मात्र 6 रन दूर थे कि शिवम शर्मा ने पगबाधा आउट किया। सरमन निगरोध ने 93 गेंद में 8 चौका के सहारे 44 रन बनाये। इस समय आयुष लोहरुका ने विकेट पर टिक कर 64 गेंद में मात्र 9 रन बनाये थे। सरमन की जगह आये राघवेंद्र प्रताप भी विकेट पर नहीं टिक पाये और 5 गेंद में 1 चौका के सहारे 4 रन बना कर पवेलियन लौटे।
धैयपूर्ण पारी खेल रहे आयुष लोहारुका को सचिन कुमार सिंह का पूरा साथ मिला और दोनों ने 203 गेंद में 88 रन की साझेदारी छठे विकेट के लिए किया। इस दौरान आयुष लोहारुका ने 128 गेंद में 8 चौका की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया।
इस जमीं जोड़ी को करण शर्मा ने सचिन कुमार सिंह को बोल्ड आउट कर तोड़ा। सचिन ने 107 गेंद में 5 चौका की मदद से 38 रन बनाये। इसके बाद कप्तान वीर प्रताप सिंह ने थोड़ी देर तक आयुष का साथ दिया। अपना 50वां फर्स्ट क्लास मैच खेल रहे वीर प्रताप सिंह ने 14 गेंद में 2 चौका के सहारे 9 रन बनाये। हिमांशु सिंह बिना खाता खोले लौटे। नवाज खान ने आयुष लोहारुका साथ देकर उनका शतक पूरा करवाया।
आयुष लोहारुका ने 221 गेंद में 13 चौका व 1 गगनचुंबी छक्का के सहारे अपना शतक पूरा किया। आयुष और नवाज 45 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई और आयुष लोहारुका के रूप में बिहार का नौवां विकेट गिरा। आयुष ने 227 गेंद में 13 चौका व 1 छक्का के सहारे 101 रन पारी खेली। बिहार का अंतिम विकेट यशपाल यादव के रूप में गिरा। यशपाल यादव 2 रन बना कर आउट हुए। नवाज खान 20 गेंद में 3 चौका के सहारे 14 रन बना कर नाबाद रहे।
उत्तरप्रदेश की ओर से शिवम मावी ने 61 रन देकर 4, विजय कुमार ने 48 रन देकर 2, सौरभ कुमार ने 43 रन देकर 1, शिवम शर्मा ने 49 रन देकर 2 और करण शर्मा ने 17 रन देकर 1 विकेट चटकाये।


