Saturday, June 13, 2026
Home Slider IPL : महेंद्र सिंह धौनी बने ‘अनकैप्ड’ खिलाड़ी

IPL : महेंद्र सिंह धौनी बने ‘अनकैप्ड’ खिलाड़ी

by Khel Dhaba
0 comment

बेंगलुरु, 29 सितंबर। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की संचालन परिषद में शनिवार को भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने फैसला किया कि जिन भारतीय खिलाड़ियों ने कम से कम पांच कैलेंडर वर्ष में कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है, उन्हें ‘अनकैप्ड’ खिलाड़ी माना जायेगा।

हालांकि माना जा रहा है कि यह कदम इसलिये उठाया गया ताकि चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) अपने स्टार क्रिकेटर महेंद्र सिंह धौनी को रिटेन कर सके जो आखिरी बार 2019 वनडे विश्व कप सेमीफाइनल में देश के लिए खेले थे।

बीसीसीआई की विज्ञप्ति के अनुसार, ‘‘अगर कोई भारतीय खिलाड़ी संबंधित सत्र के आयोजन से पहले पिछले पांच कैलेंडर वर्षों में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट (टेस्ट मैच, वनडे, ट्वेंटी20 अंतरराष्ट्रीय) में शुरुआती एकादश में नहीं खेला है या उसके पास बीसीसीआई का केंद्रीय अनुबंध नहीं है तो एक ‘कैप्ड’ (अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने वाला) भारतीय खिलाड़ी ‘अनकैप्ड’ (जिसने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेला हो) हो जाएगा।

शनिवार को संचालन परिषद की बैठक में यह फैसला किया गया था कि 10 फ्रेंचाइजी को अपनी पिछली टीम से अधिकतम छह खिलाड़ियों को बरकरार रखने (रिटेन) करने की अनुमति होगी जिसमें नीलामी का एक ‘राइट टू मैच’ (आरटीएम) कार्ड भी शामिल होगा, जिसकी कीमत 120 करोड़ रुपये के बढ़े हुए टीम पर्स में से 75 करोड़ रुपये होगी।

‘अनकैप्ड’ खिलाड़ी के लिए रिटेन करने का खर्चा चार-चार करोड़ रुपये होगा इसलिए सीएसके अगर धौनी को रिटेन भी करती है तो नीलामी के लिए निश्चित रूप से काफी बचत कर सकती है।

पिछली मेगा नीलामी में 2022 में एक टीम को चार खिलाड़ियों को रिटेन करने की अनुमति दी गई थी।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Laest News

@2025 – All Right Reserved.