Friday, June 5, 2026
Home Slider फेडरर को हरा जोकोविच ऑस्ट्रेलियन ओपन टेनिस के फाइनल में

फेडरर को हरा जोकोविच ऑस्ट्रेलियन ओपन टेनिस के फाइनल में

by Khel Dhaba
0 comment

मेलबोर्न। टेनिस के दो लीजेंड खिलाड़ियों सर्बिया के नोवाक जोकोविच और स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर के बीच जिस महामुकाबले की उम्मीद की जा रही थी उसे गत चैंपियन जोकोविच ने अपने जबरदस्त खेल से पूरी तरह एकतरफा बना दिया। दूसरी सीड जोकोविच ने तीसरी सीड फेडरर को गुरूवार को लगातार सेटों में 7-6 (1), 6-4, 6-3 से हराकर आठवीं बार वर्ष के पहले ग्रैंड स्लेम ऑस्ट्रेलियन ओपन टेनिस टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश कर लिया।

विश्व के नंबर दो खिलाड़ी जोकोविच अब अपने आठवें खिताब तथा नंबर एक रैंकग से मात्र एक जीत दूर रह गए हैं। सर्बियाई खिलाड़ी ने छह बार के पूर्व चैंपियन फेडरर से रोड लेवर एरेना में यह मुकाबला दो घंटे 18 मिनट में जीता। जोकोविच का फाइनल में पांचवीं सीड ऑस्ट्रिया के डोमिनिक थिएम और सातवीं सीड जर्मनी के एलेक्जेंडर ज्वेरेव के बीच शुक्रवार को होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से मुकाबला होगा।


केनिन और मुगुरुजा में खिताबी मुकाबला
मेलबर्न। वर्ष के पहले ग्रैंड स्लेम ऑस्ट्रेलियन ओपन टेनिस टूर्नामेंट में महिला वर्ग में उलटफेरों का सिलसिला सेमीफाइनल में भी बना रहा और दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी और टॉप सीड ऑस्ट्रेलिया के एश्ले बार्टी तथा चौथी सीड रोमानिया की सिमोना हालेप को गुरूवार को सनसनीखेज हार का सामना करना पड़ा।

बार्टी को 14वीं सीड अमेरिका की सोफिया केनिन ने 7-6, 7-5 से हराया जबकि गैर वरीय स्पेन की गरबाइन मुगुरुजा ने दुनिया की नंबर-3 खिलाड़ी सिमोना को 7-6, 7-5 से मात दी। मुगुरुजा और केनिन के बीच शनिवार को फाइनल खेला जाएगा। बार्टी को केनिन ने एक घंटे 45 मिनट में हराया। मुगुरुजा ने सिमोना को 2 घंटे पांच मिनट में शिकस्त दी। दोनों खिलाड़ी पहली बार इस टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची हैं। दुनिया की 15 वें नंबर की खिलाड़ी केनिन का किसी भी ग्रैंड स्लैम का यह पहला फाइनल होगा। वह तीसरी बार इस टूर्नामेंट में खेल रही हैं। पिछले साल केनिन दूसरे दौर में ही बाहर हो गई थीं। 2019 की फ्रेंच ओपन चैंपियन बार्टी पिछली बार ऑस्ट्रेलिया ओपन के क्वार्टर फाइनल में बाहर हुईं थीं और इस बार उन्हें सेमीफाइनल में निराशा का सामना करना पड़ा।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Laest News

@2025 – All Right Reserved.