सिमडेगा, 29 मार्च। हॉकी सिमडेगा के अध्यक्ष मनोज कोनबेगी को हॉकी इंडिया द्वारा “जमन लाल शर्मा अमूल्य योगदान पुरस्कार 2025” से सम्मानित किए जाने के बाद सिमडेगा लौटने पर उनका भव्य स्वागत किया गया।
बस से उतरते ही हॉकी सिमडेगा के पदाधिकारियों, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने पुष्प वर्षा, ढोल-नगाड़ों और नृत्य के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। बस स्टैंड से लेकर हॉकी सिमडेगा कार्यालय तक जुलूस निकाला गया, जहां एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
दिल्ली में आयोजित हॉकी इंडिया के आठवें वार्षिक पुरस्कार समारोह में केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, राज्य मंत्री रक्षा खडसे, हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप तिर्की सहित कई दिग्गज खिलाड़ियों और अधिकारियों की मौजूदगी में मनोज कोनबेगी को यह सम्मान प्रदान किया गया।
यह पुरस्कार उन्हें भारतीय हॉकी में उनके आजीवन योगदान और प्रभाव के लिए दिया गया।
सिमडेगा में आयोजित स्वागत समारोह में खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने इसे जिले के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान सिमडेगा जैसे छोटे जिले के लिए बड़ी उपलब्धि है और इससे स्थानीय खिलाड़ियों को नई प्रेरणा मिलेगी।
इस अवसर पर मनोज कोनबेगी ने कहा कि यह सम्मान उनकी जिम्मेदारी को और बढ़ाता है। उन्होंने कहा, “यह पुरस्कार सिमडेगा के सभी खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और सहयोगियों को समर्पित है। हम खिलाड़ियों को बेहतर मंच और अवसर देने के लिए लगातार प्रयास करते रहेंगे।”
उन्होंने यह भी घोषणा की कि पुरस्कार राशि को आय के स्रोत में निवेश कर उससे प्राप्त राशि खिलाड़ियों के विकास पर खर्च की जाएगी।
समारोह में हॉकी सिमडेगा के कोषाध्यक्ष कमलेश्वर मांझी, मनोज कुमार सिन्हा, राजनंद कुमार सिन्हा, तेजबल शुभम सहित कई पदाधिकारी, खिलाड़ी और खेल प्रेमी मौजूद रहे।