पटना, 7 मई। रन मशीन शशीम राठौर की आंधी में बाटा सीसी उड़ गया। जी हां पटना जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग के अंतर्गत मंगलवार यानी 7 मई को खेले गए मुकाबले में शशीम राठौर ने 19 गेंदों में नाबाद 81 रन की धुंआधार पारी खेल कर पेसू को 9 विकेट से जीत दिला दी। शशीम ने नाबाद 81 रन की पारी में कुल 12 गगनचुंबी छक्के लगाये और 2 चौके जड़े।
राजधानी के ऊर्जा स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में बाटा सीसी ने टॉस जीता और पहले बैटिंग करने का फैसला किया। बाटा सीसी ने निर्धारित 40 ओवर में 8 विकेट पर 148 रन बनाये। फहद ने 60 गेंद में 6 चौका व 2 छक्का की मदद से नाबाद 55,आयुष राज ने 97 गेंद में 8 चौका की मदद से 47 रन बनाये।
पेसू की ओर से राहुल राठौर और पवन कुमार ने 2-2 जबकि राजेश कुमार सिन्हा और कुंदन शर्मा ने 1-1 विकेट चटकाये।
9.1 ओवर में जीत गया पेसू
149 रन के लक्ष्य को पेसू ने 9.1 ओवर में ही 1 विकेट पर 151 रन बना कर हासिल कर लिया। शशीम राठौर ने अपना अर्धशतक 14 गेंद में पूरा किया। 8 ओवर तक खेल में पेसू ने 1 विकेट पर 116 रन बना लिये थे।
नौवें में शशीम राठौर ने जड़े लगातार 5 छक्का
नौवें ओवर में बासित रशीद गेंदबाजी कर रहे थे। पहली गेंद पर बाबुल कुमार ने 1 रन लेकर स्ट्राइक शशीम राठौर को थमा दी। बाशित रशीद के अगली पांच गेंद पर शशीर राठौर ने लगातार पांच छक्के जड़े और 9वें ओवर की समाप्ति के बाद पेसू का स्कोर हो गया 1 विकेट पर 147 रन। 10वें की पहली गेंद पर बाबुल ने चौका जड़ कर पेसू को 9 विकेट की जीत दिला दी। पेसू ने 9.1 ओवर में 1 विकेट पर 151 रन बनाये।
कुल 12 छक्का व 2 चौका लगाया शशीम ने
इसके पहले 7वें ओवर में शशीम राठौर ने 3 छक्का, छठे ओवर में 3 छक्का और 2 चौका, चौथे ओवर में 1 छक्का जड़ा।
शशीम राठौर के अलावा पेसू की ओर से पीयूष कुमार सिंह ने 12 गेंद में 4 चौका व 4 छक्का की मदद से 41 और बाबुल ने नाबाद 18 रन बनाये।
शशीम राठौर को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
संक्षिप्त स्कोर
बाटा सीसी : 40 ओवर में 8 विकेट पर 148 रन, आयुष राज 47,नवील 15, फहद नाबाद 55, अतिरिक्त 20, पवन कुमार 2/35, राहुल राठौर 2/25,राजेश कुमार सिन्हा 1/20, कुंदन शर्मा 1/19
पेसू : 9.1 ओवर में 1 विकेट पर 151 रन, पीयूष कुमार सिंह 41, बाबुल नाबाद 18, शशीम राठौर नाबाद 81, आयुष राज 1/36

