पटना, 5 जनवरी। बिहार के दो कबड्डी प्लेयर संदीप कुमार और सागर कुमार का चयन भारतीय सीनियर पुरुष कबड्डी टीम के उस राष्ट्रीय कोचिंग कैंप के लिए हुआ है, जो अमच्योर फ़ेडरेशन ऑफ़ इंडिया द्वारा 5 जनवरी से 5 फ़रवरी 2026 तक भारतीय खेल प्राधिकरण (साई), बेंगलुरु में आयोजित किया गया है। यह कैंप आगामी सीनियर वर्ल्ड कप की तैयारियों को ध्यान में रखकर लगाया गया है।
बिहार राज्य कबड्डी संघ के चेयरमैन कुमार विजय सिंह ने दोनों खिलाड़ियों के चयन पर खुशी जताते हुए कहा कि यह बिहार की कबड्डी प्रतिभा और मजबूत प्रशिक्षण व्यवस्था का परिणाम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि संदीप कुमार और सागर कुमार सीनियर वर्ल्ड कप में भारतीय टीम के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने कहा कि समस्तीपुर जिला के चमथा गांव निवासी संदीप कुमार प्रो कबड्डी लीग में यू मुंबा की ओर से खेलते हैं। उन्होंने मौजूदा सीजन में अपने शानदार प्रदर्शन से विशेषज्ञों और चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा था। दमदार रेडिंग और मैट पर अनुशासित खेल के लिए पहचाने जाने वाले संदीप कुमार वर्तमान में सर्विसेज में पदस्थापित हैं, जिससे उनका चयन और भी प्रेरणादायक बन जाता है। अमेच्योर कबड्डी फेडरेशन इंडिया द्वारा आयोजित होने वाले राष्ट्रीय टूर्नामेंट में बिहार का प्रतिनिधित्व करते हैं।
वहीं, पटना जिला के बख्तियारपुर प्रखंड के रहने वाले सागर कुमार भी एक अनुभवी प्रो कबड्डी लीग खिलाड़ी रह चुके हैं। वर्तमान समय में सागर साई सेंटर, गांधीनगर में अभ्यासरत हैं। बिहार सरकार में पदस्थापित सागर की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही है कि वे जूनियर विश्व कप की स्वर्ण पदक विजेता भारतीय टीम के सदस्य रहे हैं, जो उनके अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुभव को दर्शाता है।
इन दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर बिहार राज्य कबड्डडी संघ के संरक्षक सह बिहार के मुख्यमंत्री ने सलाहकार अंजनी कुमार सिंह, बिहार राज्य कबड्डी संघ के चेयरमैन कुमार विजय सिंह, अमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया के कोषाध्यक्ष रामाकांत सिंह, बिहार राज्य कबड्डी संघ के अध्यक्ष अपूर्व सुकांत, सचिव विपुल कुमार सिंह, सीईओ अवधेश कुमार सिंह, उपाध्यक्ष सरोज कुमार,कुमार आनंद, संजय कुमार सिंह, संयुक्त सचिव पंकज कश्यप, अमित कुमार, कमल पटेल, राणा रंजीत सिंह, आनंद शंकर तिवारी, श्यामनंदन सिंह उर्फ पन्ना लाल, राजीव कुमार सिंह, रामजी उपाध्याय, चांदनी कुमारी, भवेश कुमार समेत पूरे बिहार कबड्डी जगत ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।