रंगपो (सिक्किम), 8 नवंबर। स्थानीय सिका ग्राउंड, रंगपो में शनिवार से शुरू रणजी ट्रॉफी प्लेट ग्रुप के चौथे राउंड मुकाबले के पहले दिन सिक्किम के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बिहार की टीम को 265 रनों पर ढेर कर दिया। बिहार की ओर से आयुष लोहरुका (63 रन), सकीबुल गनी (66 रन) और हिमांशु सिंह (40 रन) ने अच्छी बैटिंग की तब स्कोर 265 रन तक पहुंचा। दिन का खेल समाप्त होने तक सिक्किम ने अपनी पहली पारी में बिना विकेट खोए 14 रन बना लिए हैं और अब वे 251 रन से पीछे हैं।
बिहार की खराब शुरुआत
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बिहार की टीम की शुरुआत खराब रही। ओपनर मंगल महरौर मात्र 1 रन बनाकर तीसरे ओवर में आउट हो गए। इसके बाद कुमार रजनीश (19 रन) और आयुष लोहारुका ने मिल कर पारी को संभालने की कोशिश की पर सिक्किम के यांग लेपचा ने कुमार रजनीश को विकेट पर टिकने नहीं दिया। 13.5 ओवर में 30 रन पर बिहार के दो विकेट गिर गए।

लोहारुका व सकीबुल का पचासा
लड़खड़ाती पारी को आयुष लोहारुका और कप्तान सकीबुल गनी ने मिल कर संभाला। इन दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 100 रनों की अहम साझेदारी की और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। आयुष लोहारुका अपना अर्धशतक पूरा कर बड़ी पारी की ओर से बढ़ रहे थे तब अंकुर ने बोल्ड आउट कर पवेलियन भेजा। आयुष लोहारुका ने 93 गेंदों में 10 चौका व 1 छक्का की मदद से 63 रन की पारी खेली। आयुष लोहारुका के आउट होने के बाद सरमन निगरोध का साथ सकीबुल गनी को नहीं मिला।
इसे भी पढ़ें : विमला देवी मेमोरियल अंडर-12 इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट: ईशान किशन क्रिकेट एकेडमी सेमीफाइनल में
हिमांशु सिंह की धैयपूर्ण बैटिंग
जब लग रहा था कि बिहार 300 के पार जाएगी, तभी सिक्किम के गेंदबाजों ने जोरदार वापसी की। कप्तान सकीबुल गनी के आउट होने के बाद मध्यक्रम बिखर गया। विकेटकीपर स्रमण निग्रोध (1) और बिपिन सौरभ (22) सस्ते में लौट गए, जबकि सूरज कश्यप (21) और हिमांशु सिंह (40) ने कुछ देर संघर्ष किया।
इसे भी पढ़ें : रणजी ट्रॉफी प्लेट ग्रुप : बिहार और मेघालय का मुकाबला ड्रॉ
सिक्किम के गेंदबाजों का अनुशासित प्रदर्शन
सिक्किम के गेंदबाज अंकुर पूरे दिन छाए रहे। उन्होंने अपने 26 ओवर में 81 रन देकर 5 विकेट झटके, जिसमें उन्होंने मध्यक्रम के अहम बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। उनके अलावा ली योंग लेपचा ने 16.4 ओवर में 52 रन देकर 3 विकेट लिए और क्रांति कुमार ने 2 विकेट हासिल किए। तीनों गेंदबाजों के इस संयुक्त प्रयास से बिहार की पारी 77.4 ओवर में 265 रनों पर समाप्त हुई।

सिक्किम की सतर्क शुरुआत
लक्ष्य का पीछा करते हुए सिक्किम की शुरुआत संभलकर हुई।ए. बी. राजेरा (8)* और नीलेश लामिछाने (6)* ने पहले दिन बिना कोई विकेट गंवाए टीम को 14 रन तक पहुंचाया। बिहार के गेंदबाजों ने शुरुआती ओवरों में सटीक गेंदबाजी की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
संक्षिप्त स्कोरकार्ड
बिहार पहली पारी: 265/10 (77.4 ओवर) (सकीबुल गनी 66, आयुष लोहारुका 63, हिमांशु सिंह 40, अंकुर 5/81, ली योंग लेपचा 3/52, क्रांति कुमार 2/34)
सिक्किम पहली पारी: 14/0 (13 ओवर) (ए. बी. राजेरा 8*, नीलेश लामिछाने 6*)
मुख्य आकर्षण
अंकुर का शानदार स्पेल : 5 विकेट
लोहारुका और कप्तान सकीबुल गनी के बीच 100 रनों की साझेदारी
सिक्किम की सटीक गेंदबाजी से बिहार की गति थमी