Saturday, June 20, 2026
Home Slider पारस म्हाम्ब्रे ने भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच के पद के लिये आवेदन किया

पारस म्हाम्ब्रे ने भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच के पद के लिये आवेदन किया

by Khel Dhaba
0 comment

नईदिल्ली। भारत ए और अंडर 19 टीमों के साथ काफी कामयाब रहे पूर्व तेज गेंदबाज पारस म्हाम्ब्रे ने सीनियर टीम के गेंदबाजी कोच के पद के लिये सोमवार को आवेदन कर दिया।

बीसीसीआई सूत्रों ने यह जानकारी दी। म्हाम्ब्रे करीब एक दशक से राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी से जुड़े हैं और राहुल द्रविड़ के करीबी माने जाते हैं। द्रविड़ भारतीय टीम के अगले मुख्य कोच हो सकते हैं।

बोर्ड के एक सीनियर अधिकारी ने कहा कि पारस ने पद के लिये आज आवेदन कर दिया। आवेदन करने की आखिरी तारीख 26 अक्टूबर है। पारस के पास काफी अनुभव है और पिछले एक दशक से भारतीय क्रिकेट की एलीट कोचिंग व्यवस्था का हिस्सा रहे हैं।

बीसीसीआई का मानना है कि मौजूदा तेज गेंदबाजों मोहम्मद शमी, ईशांत शर्मा और उमेश यादव के जाने के बाद अगली जमात के भारतीय तेज गेंदबाजों में वे ही होंगे जो म्हाम्ब्रे के मार्गदर्शन में अंडर 19 या ए टीम के लिये खेल चुके हैं।

बीसीसीआई सूत्रों ने पहले संकेत दिया था कि द्रविड़ मुख्य कोच का पद संभालने के लिये तैयार हो गए हैं। रवि शास्त्री का कार्यकाल टी20 विश्व कप के बाद खत्म हो रहा है।

म्हाम्ब्रे के आवेदन के मायने हैं कि उनकी कोर टीम के सदस्य भारतीय टीम के साथ काम करने में दिलचस्पी रखते हैं।

म्हाम्ब्रे 1996 से 1998 के बीच भारत के लिये दो टेस्ट और तीन वनडे खेल चुके हैं। उन्होंने मुंबई के लिये 91 प्रथम श्रेणी मैच खेलकर 284 विकेट लिये हैं। वह रणजी ट्रॉफी में बंगाल और बड़ौदा के कोच रह चुके हैं।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Laest News

@2025 – All Right Reserved.