Friday, June 19, 2026
Home Slider पाकिस्तान जुलाई में इंग्लैंड दौरे के लिए राजी पर खिलाड़ियों को बाध्य नहीं किया जाएगा

पाकिस्तान जुलाई में इंग्लैंड दौरे के लिए राजी पर खिलाड़ियों को बाध्य नहीं किया जाएगा

by Khel Dhaba
0 comment

कराची। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) कोरोना वायरस महामारी का प्रकोप झेल रहे इंग्लैंड का टेस्ट और टी20 दौरा करने को राजी हो गया है लेकिन अगर इस घातक बीमारी को लेकर खिलाड़ियों को कोई आशंका होती है तो उन्हें दौरे पर जाने के लिए बाध्य नहीं किया जाएगा।

पीसीबी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी वसीम खान ने एक समाचार चैनल से कहा कि पाकिस्तान तीन टेस्ट और तीन टी20 मैचों के लिए ‘सैद्धांतिक रूप से’ इंग्लैंड दौरे पर जाने पर सहमत हो गया है।

वसीम ने कहा, ‘‘दौरे को लेकर शुक्रवार को ईसीबी (इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड) के साथ हमने विस्तृत और समग्र चर्चा की और पीसीबी अपनी क्रिकेट टीम को जुलाई में इंग्लैंड भेजने के लिए सैद्धांतिक रूप से सहमत हो गया है।’’

शुक्रवार को वीडियो लिंक के जरिए हुई चर्चा में सहमति बनी कि पाकिस्तान उन स्टेडियमों में दर्शकों की गैरमौजूदगी में मैच खेलेगा जहां स्टेडियम में अंदर ही होटल की व्यवस्था है। लेकिन खिलाड़ियों को उनकी इच्छा के विपरीत दौरे पर जाने के लिए बाध्य नहीं किया जाएगा।
वसीम ने कहा, ‘‘अगर कोई खिलाड़ी नहीं जाना चाहता तो हम उसके फैसले को स्वीकार करेंगे और उसके खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी।’’ उन्होंने हालांकि कहा कि उन्हें मिली सूचना के अनुसार सभी खिलाड़ी दौरे पर जाना चाहते हैं।

वसीम ने कहा कि जुलाई के पहले हफ्ते में 25 खिलाड़ी चार चार्टर्ड विमानों में इंग्लैंड जाएंगे और उन्हें वहां पृथक रखा जाएगा। वसीम ने कहा, ‘‘टेस्ट श्रृंखला के लिए मैनचेस्टर और साउथम्पटन संभावित स्थल हो सकते हैं और ईसीबी तीसरे स्थल की घोषणा जल्द करेगा।’’

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Laest News

@2025 – All Right Reserved.