Saturday, June 6, 2026
Home राष्ट्रीय men’s hockey: ऑस्ट्रेलिया से एक भी मैच नहीं जीत पाया भारत, टेस्ट सीरीज में सूपड़ा साफ

men’s hockey: ऑस्ट्रेलिया से एक भी मैच नहीं जीत पाया भारत, टेस्ट सीरीज में सूपड़ा साफ

by Khel Dhaba
0 comment

पर्थ, 13 अप्रैल। भारतीय पुरूष हॉकी टीम को पांचवें और आखिरी टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने 3-2 से हराकर पांच मैचों की सीरीज 5-0 से जीत ली।

 

पिछले चार मैचों में भारत को 1-5, 2-4,1-2, 1-3 से पराजय का सामना करना पड़ा था। पेरिस ओलंपिक की तैयारी के लिये यह दौरा काफी महत्वपूर्ण था।

 

 

भारत के लिये कप्तान हरमनप्रीत सिंह (चौथा मिनट) और बॉबी सिंह धामी (53वां मिनट) ने गोल दागे। ऑस्ट्रेलिया के लिए जेरेमी हैवर्ड (20वां), के विलोट (38वां) और टिम ब्रांड (39वां) ने गोल किये।

 

भारत ने मैच में आक्रामक शुरूआत की। जुगराज सिंह ने ऑस्ट्रेलियाई हाफ में जरमनप्रीत सिंह को गेंद सौंपी लेकिन वह उसे पकड़ नहीं पाये।

 

 

भारत को चौथे मिनट में हरमनप्रीत ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके कामयाबी दिलाई। हरमनप्रीत का यह सीरीज में तीसरा गोल था।

 

 

ऑस्ट्रेलिया ने 20वें मिनट में हैवर्ड के गोल के दम पर बराबरी की। भारत के रिजर्व गोलकीपर सूरज करकेरा ने नाथन ई के शॉट पर मुस्तैदी से गोल बचाया।

 

 

हाफटाइम के बाद ऑस्ट्रेलिया को पेनाल्टी कॉर्नर मिला लेकिन सूरज करकेरा ने गोल बचाया। भारत को 37वें मिनट में मिले पेनाल्टी कॉर्नर पर हरमनप्रीत का निशाना चूक गया।

 

 

ऑस्ट्रेलिया ने एक मिनट बाद विलोट के गोल के दम पर बढत बना ली। इसके एक मिनट बाद ब्रांड ने एडी ओकेंडेन के पास पर तीसरा गोल भी दाग दिया।

 

 

भारत को 42वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर मिला लेकिन अमित रोहिदास गोल नहीं कर सके। मेजबान टीम को मिले दो पेनाल्टी कॉर्नर को भारतीय डिफेंस ने बचाया।

 

 

भारत के लिये दूसरा गोल धामी ने आखिरी सीटी बजने से सात मिनट पहले रिवर्स हिट पर दागा। यह उनका पहला अंतरराष्ट्रीय गोल था। इसके बाद हालांकि ऑस्ट्रेलियाई डिफेंडरों ने कोई गलती नहीं की और भारत बराबरी का गोल नहीं दाग सका।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Laest News

@2025 – All Right Reserved.