गढ़वा। गढ़वा जिला फुटबॉल संघ के द्वारा आयोजित झारखंड अंतर जिला फुटबॉल प्रतियोगिता का अंतिम क्वार्टरफाइनल मुकाबला खेला गया जिसमें गिरिडीह ने पेनाल्टी शूटआउट में रामगढ़ को 4-3 से पराजित किया। इस जीत के साथ गिरिडीह ने सेमीफाइनल का टिकट कटा लिया। रविवार को सेमीफाइनल में जमशेदपुर की भिड़ंत गिरिडीह होगी। दूसरा सेमीफाइनल 18 सितंबर को खेला जायेगा जिसमें गोड्डा और बोकारो की टीमें भिड़ेंगी।
स्थानीय राम साहू पर खेले गए इस मैच का उद्घाटन पलामू जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष अशफाक अहमद ने खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त कर किया। उन्होंने कहा कि गढ़वा में पहली बार अंतर जिला प्रतियोगिता का आयोजन करना काफी सराहनीय है। यह गढ़वा ही नहीं पूरे पलामू के लिए गर्व की बात है। इस तरह का आयोजन होने से खिलाड़ियों में खेलने की भावना जागृत होती है। इस आयोजन से लोगों में एक अलग उत्साह है। यहां दर्शक काफी संख्या में देखने के लिए दूर-दूर से पहुंचे हैं।

मैच को देखने के लिए आयोजन समिति के संरक्षक उपायुक्त शेखर जमुआर,आयोजन समिति के अध्यक्ष राज महेश्वरम, सचिव आलोक कुमार मिश्रा, ओलंपिक संघ के अध्यक्ष शैलेंद्र पाठक, उपाध्यक्ष उदय नारायण तिवारी सहित कई लोग उपस्थित थे। प्रतियोगिता का समापन 20 सितंबर को रंका में किया जाएगा।
प्रतियोगिता के समापन की तैयारी को रंका में जोर शोर से चल रही है। समापन समारोह को भव्य बनाने के लिए कई बाहर से कलाकारों को टीम पहुंचेगी जो दर्शकों का मनोरंजन करेगी। समापन समारोह को सफल बनाने के लिए आयोजन कमेटी के लोग रात दिन लगे हुए।