Tuesday, May 26, 2026
Home Latest ICC का बड़ा ऐलान: महिला T20 वर्ल्ड कप में 82 करोड़ की इनामी राशि

ICC का बड़ा ऐलान: महिला T20 वर्ल्ड कप में 82 करोड़ की इनामी राशि

ट्रॉफी टूर का भी होगा आयोजन, 12 टीमों की रहेगी भागीदारी

by Khel Dhaba
0 comment

दुबई, 13 अप्रैल। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद International Cricket Council (आईसीसी) ने महिला क्रिकेट को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए आगामी महिला टी20 विश्व कप 2026 के लिए लगभग 82 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड पुरस्कार राशि की घोषणा की है। आईसीसी द्वारा घोषित कुल प्राइज मनी 8,764,615 अमेरिकी डॉलर है, जो पिछले संस्करण की तुलना में करीब 10 प्रतिशत अधिक है। इससे पहले 2024 में संयुक्त अरब अमीरात में आयोजित टूर्नामेंट की कुल पुरस्कार राशि 7,958,077 डॉलर थी, जिसे अब बढ़ाकर नए स्तर पर पहुंचा दिया गया है।

इनामी राशि में बड़ा उछाल

इस बार टूर्नामेंट में प्राइज मनी का वितरण भी काफी आकर्षक रखा गया है। विजेता टीम को 23,40,000 डॉलर यानी करीब 21.8 करोड़ रुपये मिलेंगे, जबकि उपविजेता को 11,70,000 डॉलर यानी लगभग 10 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। वहीं सेमीफाइनल में हारने वाली टीमों को 6,75,000 डॉलर यानी करीब 6.29 करोड़ रुपये की राशि मिलेगी। इसके अलावा हर ग्रुप मैच जीतने पर टीमों को 31,154 डॉलर यानी करीब 29 लाख रुपये दिए जाएंगे, जबकि सभी 12 टीमों के लिए न्यूनतम 2,47,500 डॉलर यानी लगभग 2.06 करोड़ रुपये की राशि सुनिश्चित की गई है।

पहली बार 12 टीमों की भागीदारी

महिला टी20 विश्व कप 2026 इस बार कई मायनों में खास होने जा रहा है, क्योंकि पहली बार इस टूर्नामेंट में 12 टीमें हिस्सा लेंगी। पिछले संस्करण में केवल 10 टीमें शामिल थीं, लेकिन अब टूर्नामेंट का दायरा बढ़ाकर इसे और प्रतिस्पर्धी बनाया गया है। इस बार इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया, भारत, पाकिस्तान, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, वेस्टइंडीज, बांग्लादेश, श्रीलंका, आयरलैंड, नीदरलैंड और स्कॉटलैंड की टीमें खिताब के लिए मुकाबला करेंगी।

टूर्नामेंट का शेड्यूल और वेन्यू

टूर्नामेंट की शुरुआत 12 जून 2026 से होगी जब बर्मिंघम के एडजबेस्टन मैदान पर मेजबान इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच उद्घाटन मैच खेला जाएगा। यह टूर्नामेंट 24 दिनों तक चलेगा और कुल 33 मुकाबले खेले जाएंगे, जो इंग्लैंड और वेल्स के सात अलग-अलग वेन्यू पर आयोजित होंगे। फाइनल मुकाबला लंदन के ऐतिहासिक लॉड्र्स क्रिकेट ग्राउंड Lord’s Cricket Ground में खेला जाएगा, जिसे क्रिकेट का मक्का भी कहा जाता है।

ट्रॉफी टूर से बढ़ेगा उत्साह

टूर्नामेंट से पहले आईसीसी ICC ने ट्रॉफी टूर की भी योजना बनाई है, जिसके तहत विश्व कप की ट्रॉफी विभिन्न शहरों और देशों का दौरा करेगी। इस टूर की शुरुआत स्कॉटलैंड से होगी और यह यूरोप के अन्य देशों से होते हुए इंग्लैंड के मेजबान शहरों तक पहुंचेगी। इसका उद्देश्य फैंस के बीच उत्साह बढ़ाना और टूर्नामेंट को और करीब से जोड़ना है।

आईसीसी ICC का विजन और बयान

आईसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजोग गुप्ता ने कहा कि महिला क्रिकेट का विकास तेजी से हो रहा है और टीमों की संख्या में विस्तार के साथ रिकॉर्ड पुरस्कार राशि इस बात का संकेत है कि आईसीसी ICC इस खेल को और मजबूत तथा वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाना चाहता है। उन्होंने यह भी कहा कि यह टूर्नामेंट दर्शकों, प्रसारण और सामाजिक प्रभाव के लिहाज से नए कीर्तिमान स्थापित कर सकता है।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Laest News

@2025 – All Right Reserved.

Verified by MonsterInsights