दोहा (कतर), 17 दिसंबर। विश्व फुटबॉल की सर्वोच्च व्यक्तिगत सम्मान श्रृंखला द बेस्ट फीफा फुटबॉल अवॉर्ड्स 2025 में स्पेन की दिग्गज मिडफील्डर आइताना बोन्माती और फ्रांस के स्टार फॉरवर्ड उस्मान डेम्बेले ने शीर्ष पुरस्कार जीतकर वर्ष 2025 में अपने वर्चस्व पर मुहर लगा दी। मंगलवार रात दोहा में आयोजित भव्य समारोह में बोन्माती को लगातार तीसरी बार द बेस्ट फीफा महिला खिलाड़ी, जबकि डेम्बेले को द बेस्ट फीफा पुरुष खिलाड़ी घोषित किया गया।
आइताना बोन्माती का ऐतिहासिक कारनामा
एफसी बार्सिलोना की मिडफील्डर आइताना बोन्माती महिलाओं के फुटबॉल इतिहास में यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली खिलाड़ी बन गईं, जिन्होंने लगातार तीन वर्षों तक यह प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किया। क्लब और स्पेन की राष्ट्रीय टीम दोनों के लिए उनके निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन ने उन्हें एक बार फिर विश्व की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी सिद्ध किया।
पुरस्कार मिलने पर बोन्माती ने वीडियो संदेश के माध्यम से कहा कि“तीसरी बार ‘द बेस्ट फीफा’ अवॉर्ड जीतना मेरे लिए गर्व की बात है। खिलाड़ियों, कोचों और प्रशंसकों द्वारा मिला यह सम्मान मेरे लिए सबसे बड़ा पुरस्कार है।” उन्होंने यह भी कहा कि मैदान पर उनके खेल को समझने वाले खिलाड़ियों और कोचों से मिला वोट उनके लिए सबसे खास है।
डेम्बेले का स्वर्णिम सत्र
पुरुष वर्ग में उस्मान डेम्बेले ने शानदार सत्र के दम पर यह सम्मान हासिल किया। पेरिस सेंट-जर्मेन (PSG) के लिए खेलते हुए डेम्बेले ने टीम को लीग-1, कूप डी फ्रांस और क्लब के इतिहास का पहला यूईएफए चैंपियंस लीग खिताब दिलाने में निर्णायक भूमिका निभाई। इसके अलावा PSG ने फीफा क्लब वर्ल्ड कप 2025 में उपविजेता स्थान भी प्राप्त किया।
पुरस्कार ग्रहण करते हुए डेम्बेले ने कहा कि “यह पुरस्कार मेरी मेहनत और पूरी टीम के सामूहिक प्रयास का नतीजा है। यह साल मेरे लिए व्यक्तिगत और टीम—दोनों स्तर पर यादगार रहा।” उन्होंने अपने परिवार, क्लब प्रबंधन और फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फैन्टिनो के प्रति आभार जताया।
कोच वर्ग में भी बड़े नाम
इंग्लैंड की महिला टीम को लगातार दूसरी बार यूईएफए महिला यूरो कप जिताने वाली सरीना वीगमैन को द बेस्ट फीफा महिला कोच 2025 चुना गया। उन्होंने इसे पूरी टीम की मेहनत का परिणाम बताया और कहा कि टीम खेल की यही खूबसूरती है। वहीं, पेरिस सेंट-जर्मेन के ऐतिहासिक सत्र के पीछे अहम भूमिका निभाने वाले लुइस एनरिके को द बेस्ट फीफा पुरुष कोच का पुरस्कार मिला।
गोलकीपर अवॉर्ड
महिला वर्ग में हैना हैम्पटन (चेल्सी/इंग्लैंड) को द बेस्ट फीफा महिला गोलकीपर चुना गया। उनके शानदार प्रदर्शन से चेल्सी ने घरेलू ट्रेबल जीता और इंग्लैंड ने यूरो कप में खिताब अपने नाम किया। पुरुष वर्ग में जियानलुइजी डोनारुम्मा को द बेस्ट फीफा पुरुष गोलकीपर 2025 घोषित किया गया, जिन्होंने PSG के लिए कई निर्णायक मुकाबलों में अहम बचाव किए।
अन्य प्रमुख पुरस्कार
फीफा मार्टा अवॉर्ड (महिला सर्वश्रेष्ठ गोल): लिज़बेथ ओवाले (मैक्सिको)
फीफा पुस्कास अवॉर्ड (पुरुष सर्वश्रेष्ठ गोल): सैंटियागो मॉन्टिएल (अर्जेंटीना)
फीफा फैन अवॉर्ड: इराक के ज़ाखो एससी के प्रशंसक
फीफा फेयर प्ले अवॉर्ड: जर्मनी के क्लब SSV यान रेगेन्सबर्ग के डॉक्टर आंद्रेयास हारलास-न्यूकिंग
द बेस्ट फीफा वीमेंस इलेवन 2025
द बेस्ट फीफा वीमेंस इलेवन 2025 में गोलकीपर के रूप में हैना हैम्पटन को चुना गया। रक्षापंक्ति में इरेने पारेडेस, लूसी ब्रॉन्ज़, ओना बाट्ले और लीह विलियमसन को शामिल किया गया। मिडफील्ड की जिम्मेदारी आइताना बोन्माती, क्लाउडिया पिना और पात्री गुइहारो को सौंपी गई, जबकि आक्रमण पंक्ति में एलेसिया रूसो, एलेक्सिया पुटेलास और मारियोना कालदेंतेय को जगह मिली। इस टीम में बार्सिलोना की छह खिलाड़ियों का दबदबा साफ नजर आया।
द बेस्ट फीफा मेंस इलेवन 2025
द बेस्ट फीफा मेंस इलेवन 2025 में गोलकीपर के रूप में जियानलुइजी डोनारुम्मा को चुना गया। डिफेंस में अशरफ हकीमी, विलियन पाचो, विर्जिल वान डाइक और नूनो मेंडेस को स्थान मिला। मिडफील्ड में जूड बेलिंघम, पेद्री और वितिन्हा को शामिल किया गया, जबकि फॉरवर्ड लाइन में कोल पामर, लामीन यामाल और वर्ष के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी उस्मान डेम्बेले को चुना गया। पुरुष इलेवन में पेरिस सेंट-जर्मेन के चार खिलाड़ी शामिल हैं।