गया जी, 30 मार्च। गया जी जिला में आयोजित अस्मिता खेलो इंडिया वीमेंस बास्केटबॉल लीग का खिताब डीपीएस गया ने अपने नाम किया, जबकि क्रेन गया उपविजेता रही और मगध हूपर्स ने तीसरा स्थान हासिल किया। यह दो दिवसीय टूर्नामेंट गया डिस्ट्रिक्ट बास्केटबॉल एसोसिएशन एवं ओपेन माइंड्स के तत्वावधान में आयोजित किया गया था।
इस प्रतियोगिता में डीपीएस गया, जीबीएस टिकारी, जीबीपीएस पहाड़पुर, जीआरसी बोधगया, क्रेन गया, क्रेन शेरघाटी, ओपन माइंड्स बिरला स्कूल, मगध हूपर्स, नाज़रेथ अकादमी एवं महाबोधि ट्री जैसी टीमों ने भाग लिया। सभी टीमों ने पूरे जोश और खेल भावना के साथ मुकाबले खेले, जिससे प्रतियोगिता बेहद रोमांचक बनी रही।
प्रतियोगिता का उद्घाटन 29 तारीख को अत्री के विधायक रोमित कुमार द्वारा किया गया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन से जिले की प्रतिभाओं को बेहतर मंच मिलता है और वे राज्य व राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकती हैं।
समापन समारोह में बिहार बास्केटबॉल एसोसिएशन के सेक्रेटरी सुशील कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ आयोजन सचिव विनय कुमार, गया जिला कबड्डी एसोसिएशन के आनंद कुमार सिंह, गया कॉलेज के पीटीआई अंजनी कुमार तथा क्रेन शेरघाटी की प्रिंसिपल श्रीमती प्रतिभा कुमारी भी मौजूद थीं। सभी अतिथियों ने विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कृत किया।
पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने अनुशासन, टीम वर्क और उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया। यह आयोजन महिला बास्केटबॉल को बढ़ावा देने और युवा खिलाड़ियों को अवसर प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
इस संबंध में जानकारी गया जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन के सेक्रेटरी श्री सरवर अली ने दी। उन्होंने बताया कि भविष्य में इस तरह के आयोजनों को और बड़े स्तर पर आयोजित करने की योजना है।
इस अवसर पर संगठन के कई सदस्य और सहयोगी भी उपस्थित रहे, जिनमें शाहरुख जफर, अभिषेक कुमार, अतुल कुमार, रंजन कुमार, सुजीत कुमार, तेजस कुमार, फराज खान, तन्वी राज एवं आदर्श कुमार प्रमुख रूप से शामिल थे।