Monday, June 8, 2026
Home Slider देवधर ट्रॉफी : पांचाल के नाबाद 99 रन से पश्चिम क्षेत्र की पूर्वोत्तर पर आसान जीत

देवधर ट्रॉफी : पांचाल के नाबाद 99 रन से पश्चिम क्षेत्र की पूर्वोत्तर पर आसान जीत

by Khel Dhaba
0 comment

पुडुचेरी। कप्तान प्रियांक पांचाल के 69 गेंद में नाबाद 99 रन की मदद से पश्चिम क्षेत्र ने सोमवार को यहां देवधर ट्रॉफी के पहले राउंड रोबिन लीग मैच में पूर्वोत्तर पर नौ विकेट की आसान जीत दर्ज की।

गुजरात के दाएं हाथ के बल्लेबाज पांचाल ने अपनी पारी में सात छक्के और इतने ही चौके मारे जिससे पश्चिम क्षेत्र ने 208 रन के लक्ष्य को 25.1 ओवर में ही हासिल कर लिया।

पांचाल के सलामी जोड़ीदार हार्विक देसाई ने भी अपने कप्तान की तरह आक्रामक रवैया अपनाते हुए 71 गेंद में 14 चौकों से 85 रन की पारी खेली। पांचाल और देसाई ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 21.1 ओवर में 167 रन जोड़े।

पांचाल ने बाएं हाथ के स्पिनर इमलीवाती लेमतुर पर तीन छक्के जड़े। लेमतुर ने चार ओवर में 47 रन लुटाए जबकि उन्हें कोई विकेट नहीं मिला।

पश्चिम क्षेत्र ने इससे पहले अर्जन नागवासवाला (31 रन पर तीन विकेट) और मुंबई के बाएं हाथ के अनुभवी स्पिनर शम्स मुलानी (37 रन पर दो विकेट) की धारदार गेंदबाजी से पूर्वोत्तर को 47 ओवर में 207 रन पर समेट दिया।

टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरे पूर्वोत्तर ने तीसरे ओवर में ही अनूप अहलावत (06) का विकेट गंवा दिया जिन्हें नागवासवाला ने आउट किया।

सलामी बल्लेबाज नीलेश लामिचाने (22) और जेहु एंडरसन (24) ने दूसरे विकेट के लिए 40 रन जोड़े। अतीत सेठ ने 12वें ओवर में नीलेश को आउट करके इस साझेदारी को तोड़ा।

पूर्वोत्तर ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए और 36वें ओवर में टीम का स्कोर सात विकेट पर 144 रन हो गया। लैरी संगमा (16) और लेमतुर (38) ने आठवें विकेट के लिए 49 रन जोड़कर टीम का स्कोर 200 रन के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

चिंतन गजा ने 46वें ओवर में इस साझेदारी को तोड़ा और अगले ओवर में टीम की पारी सिमट गई। लेमतुर पूर्वोत्तर के शीर्ष स्कोरर रहे। उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके और एक छक्का लगाया।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Laest News

@2025 – All Right Reserved.