बेगूसराय, 2 जनवरी। स्थानीय गांधी स्टेडियम में खेली जा रहे बेगूसराय प्रीमियर लीग के तहत शुक्रवार को ग्रुप बी के पहले मुकाबले में बरौनी सुपर किंग्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बेगूसराय चैलेंजर्स को 67 रनों से मात दी।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बरौनी सुपर किंग्स ने निर्धारित 19 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 169 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से राहुल रॉबिन ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 25 गेंदों में 46 रन बनाए, जबकि सुमन ने 29 रनों का उपयोगी योगदान दिया। बेगूसराय चैलेंजर्स की ओर से गेंदबाजी में युवराज और आयुष ने 2-2 विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी बेगूसराय चैलेंजर्स की टीम बरौनी सुपर किंग्स की सधी हुई गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और 16वें ओवर में 102 रनों पर ऑलआउट हो गई। चैलेंजर्स की ओर से युवराज ने 18 रन और अभिनव ने 17 रन बनाए।
बरौनी सुपर किंग्स की गेंदबाजी में राम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट झटके, जबकि प्रभात ने 3 विकेट अपने नाम किए। बेहतरीन गेंदबाजी के लिए राम को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार संयुक्त रूप से बेगूसराय जिला खेल पदाधिकारी बिट्टू सिंह, सदर बीडीओ रवि शंकर कुमार, बेगूसराय जिला क्रिकेट संघ के सचिव मृत्युंजय कुमार वीरेश, बीपीएल चेयरमैन सुमित सनी, संरक्षक कृष्ण मोहन पप्पू, संयोजक निराला कुमार, मीडिया प्रभारी विवेक कुमार एवं राजीव कुमार द्वारा प्रदान किया गया।
इससे पहले मुकाबले की शुरुआत खिलाड़ियों के परिचय के साथ हुई, जिसमें जिला क्रिकेट संघ के सचिव मृत्युंजय कुमार वीरेश, संयोजक निराला कुमार, बीपीएल चेयरमैन सुमित सनी और राजीव कुमार ने संयुक्त रूप से खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। संयोजक निराला कुमार ने जानकारी दी कि 3 जनवरी शनिवार का मुकाबला बलिया ब्लास्टर्स और बरौनी सुपर किंग्स के बीच खेला जाएगा।