सीतामढ़ी, 15 अप्रैल। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में खेली जा रही श्यामल सिन्हा बीसीए मेंस अंडर-16 वनडे ट्रॉफी के मिथिला जोन के लीग मुकाबले में मुजफ्फरपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दरभंगा को 56 रन से हराया।
स्थानीय जानकी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में मुजफ्फरपुर ने टॉस हार कर पहले बैटिंग करते हुए 49 ओवर में सभी विकेट खोकर 205 रन बनाये। जवाब में दरभंगा की टीम 149 रन पर ऑल आउट हो गई।
पहले बल्लेबाजी करते हुए मुजफ्फरपुर की ओर से स्वर्णमोल रत्ना ने 59 रन की धैर्यपूर्ण पारी खेली। उनके अलावा कप्तान अयान जाकी ने तेज़ 43 रन बनाए, जबकि अयान राज ने 37 रन का योगदान दिया। मध्यक्रम में कुछ छोटे-छोटे योगदान के साथ टीम ने 49 ओवर में 205 रन का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। अतिरिक्त 25 रन भी टीम के लिए अहम साबित हुए। दरभंगा की ओर से अनिकेत राज ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके, जबकि याकूब खान और संजीव कुमार यादव ने क्रमशः 3 और 1 विकेट लिए।
206 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दरभंगा की टीम को अनिकेत राज (40) और प्राकृत्य राज (24) ने संभालने की कोशिश की, लेकिन लगातार विकेट गिरने से टीम दबाव में आ गई। इसके अलावा पुष्कर झा ने 21,संजीव यादव ने 19 और अनुभव आनंद ने 12 रन की पारी खेली और अंततः पूरी टीम 41.2 ओवर में 149 रन पर सिमट गई। मुजफ्फरपुर की ओर से आर्यन राज ने 3,मानस राज और अयान जाकी ने 2-2 विकेट चटकाये।
स्कोर बोर्ड
मुजफ्फरपुर : 49.0 ओवर में 205 रन पर ऑल आउट, स्वर्णमोल रत्ना 59, अयान जाकी 43, अयान राज 37, प्रेम कुमार 14,अतिरिक्त 25 रन, अनिकेत राज 4/40, याकूब खान 3/49, संजीव कुमार यादव 1/11, हाशिर राशिद नेजाम 1/21
दरभंगा : 41.2 ओवर में 149 रन पर ऑल आउट, अनिकेत राज 40, प्राकृत्य राज 24, संजीव कुमार यादव 19, पुष्कर कुमार झा 21, अनुभव आनंद 12, अतिरिक्त 19 रन, अयान राज 3/10, अयान जाकी 2/20, मानस राज 2/41, लव कुमार 1/10, अंकित कुमार 1/17, अर्नव कुमार 1/27