पटना, 16 अप्रैल। बीसीए मेंस टी20 ट्रॉफी 2025-26 के वेस्टर्न जोन के लीग मुकाबले में गोपालगंज ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की। दूसरे मुकाबले में गोपालगंज ने सारण को 111 रन से हराया। यह सारण की लगातार दूसरी हार है।
विक्रम स्थित याशवन स्पोट्र्स ग्राउंड पर खेले गए मैच में गोपालगंज ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में सात विकेट पर 200 रन बनाये। जवाब में सारण की टीम 18.5 ओवर में 89 रन पर ऑल आउट हो गई। प्रशांत श्रीवास्तव को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।
गोपालगंज की बैटिंग
पहले बल्लेबाजी करते हुए गोपालगंज की टीम ने आक्रामक शुरुआत की। कप्तान उत्कर्ष सिंह (33) ने टीम को तेज शुरुआत दिलाई, जिसके बाद बिकास चौधरी ने 55 रन की शानदार पारी खेली।
प्रशांत श्रीवास्तव ने 63 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें चौके-छक्कों की बारिश देखने को मिली। उनके अलावा सचिन कुमार सिंह (18) ने भी उपयोगी योगदान दिया।
अंत में छोटे-छोटे योगदान के साथ टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 200 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। अतिरिक्त 17 रन भी टीम के लिए अहम रहे।सारण की ओर से प्रशांत कुमार सिंह और प्रशांत कुमार ने क्रमशः 3 और 2 विकेट चटकाये।
सारण बैटिंग
201 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सारण की टीम शुरुआत से ही दबाव में आ गई। पहले ही ओवर में विकेट गिरने के बाद टीम कभी उबर नहीं सकी। प्रशांत सिंह ने 56 रन की पारी खेलकर कुछ संघर्ष जरूर किया, लेकिन दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरते रहे। पूरी टीम 18.5 ओवर में 89 रन पर ऑल आउट हो गई। गोपालगंज की ओर से सचिन कुमार सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके। प्रशांत कुमार और आमोद यादव ने 2-2 विकेट अपनी झोली में डाले।
स्कोर बोर्ड
गोपालगंज: 20.0 ओवर में सात विकेट पर 200 रन, प्रशांत श्रीवास्तव 63, बिकास चौधरी 55, उत्कर्ष सिंह 33, सचिन कुमार सिंह 18, अतिरिक्त 17 रन, प्रशांत कुमार सिंह 3/30, अनुप कुमार 2/44, अमित कुमार 1/22, विकास यादव 1/44
सारण: 18.5 ओवर में 89 रन पर ऑल आउट, प्रशांत सिंह 56, प्रशांत कुमार सिंह 18, अतिरिक्त 1 रन, सचिन कुमार सिंह 3/13, प्रशांत कुमार 2/4, अमोद यादव 2/10, उत्कर्ष सिंह 1/21, रिंकल तिवारी 1/22