Tuesday, May 26, 2026
Home Uncategorized Badminton : पीवी सिंधू सिंगापुर ओपन में जीतीं

Badminton : पीवी सिंधू सिंगापुर ओपन में जीतीं

सात्विक-चिराग की जोड़ी भी आगे बढ़ी

by Khel Dhaba
0 comment

सिंगापुर, 26 मई। पांचवीं वरीयता प्राप्त पुत्री कुसुमा वरदानी को सीधे गेम में हराकर स्टार भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू ने मंगलवार को यहां सिंगापुर ओपन में महिला एकल के दूसरे दौर में प्रवेश किया।

तीस साल की दो बार की ओलंपिक पदक विजेता सिंधू ने 10 लाख डॉलर इनामी इस सुपर 750 टूर्नामेंट के शुरुआती दौर में दुनिया की छठे नंबर की इंडोनेशियाई खिलाड़ी को 21-17, 21-18 से हराया। पूर्व विश्व चैंपियन सिंधू का अगला मुकाबला जापान की रिको गुंजी से होगा।

सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी पहले दौर में चेन झी यी और प्रेस्ली स्मिथ की मलेशिया की दुनिया की 25वें नंबर की जोड़ी को 26-28, 21-15, 21-13 से हरा अगले दौर में पहुंच गई।

दुनिया की चौथे नंबर की भारतीय जोड़ी अगले दौर में ली झे-हुई और यांग पो-सुआन की चीनी ताइपे की जोड़ी तथा लियू यांग और हुआंग डि की चीन की जोड़ी के बीच होने वाले मैच के विजेता से भिड़ेगी।

एशिया चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बनाने वाले उभरते हुए भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी आयुष शेट्टी हालांकि 65 मिनट तक चले पुरुष एकल मुकाबले में विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता विक्टर एक्सेलसन के खिलाफ 21-11, 14-21, 12-21 से हार टूर्नामेंट से बाहर हो गए।

युवा उन्नति हुड्डा भी महिला एकल में पूर्व विश्व जूनियर चैंपियन और आठवीं वरीयता प्राप्त टोमोका मियाजाकी के हाथों 14-21, 10-21 से हारकर टूर्नामेंट से जल्दी बाहर हो गईं।

महिला युगल में भारत की कविप्रिया सेल्वम और सिमरन सिंघी भी 48 मिनट में पाउला लोपेज और लूसिया रोड्रिग्ज की स्पेन की जोड़ी से 21-18, 13-21, 5-21 से हारकर बाहर हो गईं। अश्विनी भट के और शिखा गौतम भी चांग चिंग हुई और यांग चिंग टुन की चीनी ताइपे की जोड़ी से 16-21, 11-21 से हार गईं।

जापान की सातवीं वरीयता प्राप्त जोड़ी ताकुरो होकी और युगो कोबायाशी ने पुरुष युगल में भारत के हरिहरन अमसाकरुणन और एमआर अर्जुन को 21-15, 21-13 से हराया जबकि मिश्रित युगल जोड़ी में रोहन कपूर और रुत्विका शिवानी गड्डे पहले दौर के मुकाबले में यांग पो हान और हू लिंग फांग की चीनी ताइपे की जोड़ी के खिलाफ 18-21, 20-22 से हार गईं।

यह सिंधू के लिए मनोबल बढ़ाने वाली जीत थी जो पिछले साल विश्व चैंपियनशिप और सुदीरमन कप में इस इंडोनेशियाई खिलाड़ी से दो बार हार चुकी थीं।

मंगलवार को दुनिया की 11वें नंबर की भारतीय खिलाड़ी ने 4-0 की बढ़त बनाकर अच्छी शुरुआत की लेकिन वरदानी ने वापसी करते हुए स्कोर 7-7 से बराबर कर दिया और फिर 15-11 की बढ़त बना ली।

हालांकि सिंधू ने जोरदार पलटवार करते हुए आखिरी सात में से छह अंक जीतकर पहला गेम अपने नाम कर लिया।

दूसरा गेम में कड़ा मुकाबला देखने को मिला। सिंधू ने 13-11 की बढ़त बनाई लेकिन वरदानी ने एक बार फिर स्कोर बराबर कर दिया।

भारतीय खिलाड़ी ने हालांकि मैच के अंतिम क्षणों में संयम बनाए रखा मुकाबला जीत लिया।

लक्ष्य सेन, एचएस प्रणय और मालविका बंसोड़ बुधवार को अपने अभियान की शुरुआत करेंगे।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Laest News

@2025 – All Right Reserved.

Verified by MonsterInsights