पटना, 6 मई। महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम पहल के तहत अल्फा वीमेंस क्रिकेट टूर्नामेंट 2026’ का आयोजन 7 से 10 मई तक पटना के बलुआ स्थित अल्फा ग्राउंड में किया जाएगा। इस टूर्नामेंट में चयन प्रक्रिया के तहत खिलाड़ियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया जाएगा।
टूर्नामेंट की शुरुआत 7 मई को ओपन ट्रायल से होगी जिसके बाद 8, 9 और 10 मई को मुकाबले खेले जाएंगे। आयोजन में सीमित टीमों को शामिल किया जा रहा है, जिससे खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर अवसर मिल सके।
आयोजकों के अनुसार इस टूर्नामेंट का मुख्य आकर्षण यह है कि इसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 13 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा जिन्हें आगामी ‘ट्राइसिटी वीमेंस क्रिकेट कप’ में भाग लेने के लिए हरियाणा के पंचकुला स्थित ताऊ देवी लाल क्रिकेट स्टेडियम भेजा जाएगा।
ट्राइसिटी वीमेंस क्रिकेट कप 14 से 17 मई 2026 तक आयोजित होगा जिसमें विभिन्न राज्यों की टीमें हिस्सा लेंगी। चयनित खिलाड़ियों को इस प्रतिष्ठित मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर मिलेगा।
आयोजन का उद्देश्य महिला क्रिकेटरों को प्रतिस्पर्धात्मक माहौल प्रदान करना और उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए मंच तैयार करना है। आयोजकों ने खिलाड़ियों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं और अपने खेल से भविष्य की नई दिशा तय करें।
अल्फा स्पोर्ट्स एकेडमी के निदेशक सुमित प्रकाश ने बताया कि खिलाड़ियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। प्रतिभागियों के लिए निःशुल्क परिवहन सुविधा उपलब्ध रहेगी, जिसके तहत दानापुर स्टेशन से पिकअप की व्यवस्था की गई है। सभी खिलाड़ियों को सुबह 9 बजे तक रिपोर्ट करना होगा।
उन्होंने आगे बताया कि टूर्नामेंट में भाग लेने वाली टीमों के लिए भोजन और आवासन की पूरी व्यवस्था नि:शुल्क की गई है, ताकि खिलाड़ी बिना किसी चिंता के अपने प्रदर्शन पर ध्यान केंद्रित कर सकें।