कटिहार, 31 मई। अखिल बिहार शतरंज संघ के तत्वावधान में कटिहार जिला शतरंज संघ द्वारा रविवार यानी 31 मई को संपन्न बिहार राज्य अंडर-13 शतरंज प्रतियोगिता के बालक वर्ग का खिताब देवांश केशरी ने जीता। बालिका वर्ग में छपरा की मोहिनी पंडित चैंपियन बनी।
स्थानीय मॉफरगंज स्थित अग्रसेन भवन में चल रही इस चार दिवसीय शतरंज प्रतियोगिता के अंतिम दिन प्रतियोगिता के शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी देवांश केशरी ने बोर्ड नम्बर एक पर किशनगंज के सुरोनय दास के साथ सफेद मोहरों से बाजी बराबरी पर खत्म की।
इस तरह छह अंकों के साथ निकटतम प्रतिद्वंदियों से आधे अंक की बढ़त लेते हुए उन्होंने प्रतियोगिता जीत ली जबकि साढ़े पांच अंकों के साथ सुरोनय दास को उप विजेता घोषित किया गया। साढ़े पांच अंकों के साथ रहे पश्चिम चंपारण के शिवांश बर्नवाल को टाई ब्रेक अंकों के आधार पर तीसरा स्थान प्राप्त हुआ।
वहीं बालिका वर्ग शीर्ष पर चल रही सारण की मोहिनी पंडित ने मुजफ्फरपुर की अग्रिमा राज के साथ अंक बांटकर साढ़े पांच अंकों के साथ खिताब अपने नाम कर लिया। दो नम्बर बोर्ड पर खेल रही आराध्या प्रकाश ने सफेद मोहरों से सहरसा की अनिका यादव को पराजीत कर पांच अंकों के साथ उपविजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। साढ़े चार अंकों के साथ रही मुजफ्फरपुर की अग्रिमा राज एवं पटना की वंशिका माहेश्वरी को क्रमशः तीसरा एवं चौथा स्थान प्राप्त हुआ।
अंतिम चक्र की समाप्ति के उपरांत आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि लोकसभा सांसद तारिक़ अनवर , विशिष्ट अतिथि श्रीमती ऊषा अग्रवाल , महापौर, कटिहार एवं जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती रश्मि सिंह ने सभी विजेताओं को ट्रॉफी एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर कटिहार जिला शतरंज संघ के उपाध्यक्ष गीत अविनाश, सचिव एवं मुख्य आयोजक प्रत्यूष कुमार , डॉ आलोक, मुजफ्फरपुर जिला शतरंज संघ के सचिव हिमांशु कुमार, प्रतियोगिता के मुख्य निर्णायक नंदकिशोर, उप मुख्य निर्णायक चंद्र राज, निर्णायक मीना यादव समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
दोनों वर्गों में प्रथम दस स्थानों पर आनेवाले खिलाड़ियों की सूची इस प्रकार है:
टॉप टेन
बालिका वर्ग
स्थान खिलाड़ी का नाम जिला अंक
1 मोहिनी पंडित छपरा 5.5
2 आराध्या प्रकाश पटना 5
3 अग्रीमा राज मुजफ्फरपुर 4.5
4 वंशिका महाशश्वरी पटना 4.5
5 अनिका यादव सहरसा 4
6 मनीषा यादव दरभंगा 4
7 सान्वी सिंह पटना 4
8 धान्वी कर्माकर किशनगंज 4
9 राजश्री पटना 3.5
10 अपर्णा शर्मा किशनगंज 3.5
ओपन वर्ग
स्थान खिलाड़ी का नाम जिला अंक
1 देवांश केशरी, पटना 6
2 सुरोनय दास, किशनगंज 5.5
3 हर्षवर्धन सिंह, दरभंगा 5.5
4 जविन जायसवाल,पटना 5.5
5 शिवांश बरनवाल, पश्चिम चंपारण 5.5
6 रुद्र वीर सिंह, खगड़िया 5.5
7 अनंत शौर्य झा, सहरसा 5
8 पार्थव ,मुजफ्फरपुर 5
9 हर्ष भारती , वैशाली 5
10 मो. मोईन हयात , मधुबनी 5