Tuesday, May 26, 2026
Home Latest chess : डी गुकेश और प्रज्ञाननंदा टाईब्रेक में जीते

chess : डी गुकेश और प्रज्ञाननंदा टाईब्रेक में जीते

नार्वे शतरंज टूर्नामेंट में मैग्नस कार्लसन को मिली हार

by Khel Dhaba
0 comment

ओस्लो, 26 मई। नॉर्वे शतरंज टूर्नामेंट में विश्व चैंपियन डी गुकेश ने अच्छी शुरुआत करते हुए विन्सेंट कीमर के खिलाफ एक कड़े और तनावपूर्ण मैराथन मुकाबले के बाद जीत हासिल की। भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञाननंदा ने वेस्ली सो को हराया, लेकिन विश्व के नंबर एक खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन को पहले दौर में ही हार का सामना करना पड़ा।

गुकेश ने लगभग पांच घंटे तक चले 144 चाल के मुकाबले के बाद आर्मागेडन (मुख्य बाजी ड्रॉ रहने के बाद टाईब्रेक मुकाबला) में जीत के बदौलत 1.5 अंक हासिल किए, जबकि कीमर को क्लासिकल मुकाबला बराबर रहने के कारण एक अंक से ही संतोष करना पड़ा।

इस मैराथन मुकाबले में भारतीय खिलाड़ी अंतिम चरणों में स्पष्ट रूप से घबराया हुआ दिखा जबकि जर्मन खिलाड़ी ने पूरे क्लासिकल मुकाबले में संयम बनाए रखा। टाईब्रेक में हालांकि गुकेश ने जीत हासिल करने में देर नहीं लगाई।

प्रज्ञाननंदा और अमेरिकी ग्रैंडमास्टर वेस्ली सो के बीच क्लासिकल मुकाबला भी ड्रॉ रहा लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने आर्मागेडन टाईब्रेक में शानदार जीत हासिल की।

दिन में हालांकि चर्चा का विषय मौजूदा चैंपियन कार्लसन की क्लासिकल शतरंज में अलीरेजा फिरोजा के हाथों हार थी। इस जीत से फिरोजा ने तीन अंक हासिल किए। कार्लसन ने मैच के अधिकांश हिस्से में नियंत्रण बनाए रखा, लेकिन समय की कमी के कारण उनसे एक बड़ी चूक हो गई जिससे फिरोजा को बढ़त मिल गई। फ्रांसीसी ग्रैंडमास्टर ने इसका फायदा उठाते हुए जीत हासिल करते हुए अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया।

फिरोजा ने इस तरह से 10 दौर की प्रतियोगिता में तीन अंकों के साथ शुरुआती बढ़त हासिल कर ली है, जबकि गुकेश और प्रज्ञाननंदा 1.5-1.5 अंकों के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं। वेस्ली सो और कीमर के एक-एक अंक हैं, जबकि कार्लसन ने अभी तक अपना खाता नहीं खोला है।

महिला वर्ग में बिबिसारा असाउबायेवा ने कोनेरू हम्पी पर क्लासिकल मुकाबले में ही जीत हासिल की। मौजूदा चैंपियन अन्ना मुज़िचुक को झू जिनर ने आर्मागेडन टाईब्रेक में हराया। दिव्या देशमुख ने महिला विश्व चैंपियन जू वेनजुन के खिलाफ आर्मागेडन में शानदार प्रदर्शन करते हुए टाईब्रेक में जीत हासिल की।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Laest News

@2025 – All Right Reserved.

Verified by MonsterInsights