नईदिल्ली, 20 मई। सत्र 2026-27 के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने अपने घरेलू कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। बीसीसीआई द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार इस सत्र में भी रणजी ट्रॉफी के मुकाबले दो चरण में खेले जायेंगे। पहले चरण की शुरुआत 11 अक्टूबर से होगी जबकि 2026-27 घरेलू सत्र 23 अगस्त को दलीप ट्रॉफी के साथ शुरू होगा। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने बुधवार को यह घोषणा की।
आगामी सत्र के दौरान बीसीसीआई आयु वर्ग और सीनियर क्रिकेट में कुल 1788 मुकाबलों का आयोजन करेगा जिसमें पुरुषों के लिए अंडर-16, अंडर-19 और अंडर-23 के अलावा सीनियर स्तर जबकि महिलाओं के लिए अंडर-15, अंडर-19 और अंडर-23 के अलावा सीनियर स्तर के मुकाबले शामिल हैं।
अंडर-23 वर्ग का सीमित ओवरों का टूर्नामेंट और विजी ट्रॉफी के लिए अंतर क्षेत्रीय विश्वविद्यालय प्रतियोगिता टी20 प्रारूप में खेली जाएगी।
बीसीसीआई ने एक विज्ञप्ति में कहा कि 2026-27 का घरेलू सत्र बीसीसीआई की एक मजबूत और प्रतिस्पर्धी घरेलू ढांचा बनाने की प्रतिबद्धता को दिखाता है। साथ ही यह सभी प्रारूप और वर्ग में संतुलित प्रगति भी सुनिश्चित करता है।
क्षेत्रीय प्रारूप में वापसी करने वाली दलीप ट्रॉफी 23 अगस्त से 10 सितंबर के बीच खेली जाएगी। यह पूरा टूर्नामेंट बेंगलुरु में बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में होगा।
रणजी ट्रॉफी चैंपियन जम्मू-कश्मीर और शेष भारत के बीच ईरानी कप मुकाबला एक से पांच अक्टूबर तक श्रीनगर में खेला जाएगा।
बीसीसीआई के घरेलू कैलेंडर की सबसे बड़ी प्रतियोगिता रणजी ट्रॉफी का पहला चरण 11 अक्टूबर से पांच नवंबर के बीच होगा जिसमें चार दौर खेले जाएंगे।
दूसरा चरण 17 जनवरी से तीन मार्च 2027 के बीच होगा जो सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (राष्ट्रीय टी20 टूर्नामेंट) और विजय हजारे ट्रॉफी (50 ओवर का राष्ट्रीय टूर्नामेंट) के खत्म होने के बाद खेला जाएगा।
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 14 नवंबर से छह दिसंबर के बीच खेली जाएगी। लीग चरण के मुकाबले मुंबई, मोहाली, विजाग और कोलकाता में होंगे जबकि नॉकआउट चरण नागपुर में होगा।
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी से आईपीएल की विभिन्न फ्रेंचाइजी को नीलामी से पहले अपनी सूची तैयार करने का मौका मिलेगा। नीलामी दिसंबर में होगी।
विजय हजारे ट्रॉफी 14 दिसंबर 2026 से आठ जनवरी 2027 तक होगी। बीसीसीआई की कार्यक्रम तैयार करने वाली टीम ने विजय मर्चेंट ट्रॉफी (अंडर-16) नवंबर से जनवरी के बीच कराने का फैसला किया है जिससे स्कूली क्रिकेटरों को अपनी सालाना या बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी करने में भी आसानी होगी जो आम तौर पर फरवरी और मार्च में होती हैं।
प्रमुख टूर्नामेंट व शुरुआत की तारीख
पुरुष वर्ग
दलीप ट्रॉफी-23 अगस्त 2026
ईरानी कप-1 अक्टूबर 2026
रणजी ट्रॉफी (फेज-1)-11 अक्टूबर 2026
रणजी ट्रॉफी (फेज-2)-17 जनवरी 2027
कर्नल सी.के. नायडू ट्रॉफी (फेज-1)-12 अक्टूबर 2026
कर्नल सीके. नायडू ट्रॉफी (फेज-2)-18 जनवरी 2027
कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी विजेता बनाम रेस्ट ऑफ इंडिया-1 अक्टूबर 2026
वीनू मांकड़ ट्रॉफी-8 अक्टूबर 2026
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी-14 नवंबर 2026
विजय हजारे ट्रॉफी-14 दिसंबर 2026
पुरुष अंडर-23 स्टेट ए ट्रॉफी-1 दिसंबर 2026
कूच बिहार ट्रॉफी-26 नवंबर 2026
विजय मर्चेंट ट्रॉफी-14 नवंबर 2026
विजी ट्रॉफी-22 फरवरी 2027
महिला वर्ग
महिला अंडर-19 टी20 ट्रॉफी- 9 अक्टूबर 2026
सीनियर महिला टी20 ट्रॉफी-26 अक्टूबर 2026
महिला अंडर-23 टी20 ट्रॉफी-14 नवंबर 2026
सीनियर महिला इंटरजोनल टी20 ट्रॉफी-24 नवंबर 2026
सीनियर महिला वनडे ट्रॉफी-19 दिसंबर 2026
महिला अंडर-19 वनडे ट्रॉफी-4 जनवरी 2027
महिला अंडर-15 वनडे ट्रॉफी-5 जनवरी 2027
महिला अंडर-23 वनडे ट्रॉफी-19 फरवरी 2027
सीनियर महिला इंटरजोनल वनडे ट्रॉफी-17 फरवरी 2027
सीनियर महिला इंटरजोनल मल्टी डे ट्रॉफी-13 मार्च 2027