पावापुरी, 20 अप्रैल। प्लेयर ऑफ द मैच युवराज (138 रन), पुष्पम राज (77 रन) और हर्ष वर्मा (3 विकेट) के शानदार खेल की बदौलत बेगूसराय ने रणधीर वर्मा बीसीए मेंस अंडर-19 वनडे ट्रॉफी के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। स्थानीय एसएससीसी ग्राउंड पर खेले गए तीसरे क्वार्टरफाइनल मैच में बेगूसराय ने जमुई को 217 रन के भारी अंतर से पराजित किया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बेगूसराय की टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 330 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। कप्तान युवराज यादव ने 88 गेंदों पर 138 रनों की पारी खेली, जिसमें 15 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। इसके अलावा पुष्पम राज ने 77 रनों का योगदान दिया, जबकि हर्ष शर्मा ने 35 रन बनाकर टीम के स्कोर को मजबूती दी।
जमुई की ओर से गेंदबाजी में हिमांशु कुमार ने 3 विकेट हासिल किए, जबकि सोनू कुमार और मोहम्मद अजमल फरहत को 1-1 सफलता मिली।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी जमुई की टीम बेगूसराय की सधी हुई गेंदबाजी के सामने नहीं टिक सकी और 20.2 ओवर में 113 रन पर सिमट गई। निशु यादव ने 33 रन बनाए, जबकि मोहित शर्मा ने 23 रनों का योगदान दिया।
बेगूसराय की ओर से गेंदबाजी में हर्ष वर्मा ने 3 विकेट हासिल कर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अलावा आयुष कुमार और हर्ष कुमार ने 2-2 विकेट लेकर टीम की जीत को आसान बनाया।
संक्षिप्त स्कोर
बेगूसराय : 50 ओवर में सात विकेट पर 330, युवराज यादव 138, पुष्पम राज 77, हर्ष शर्मा 35, अभिनव कुमार 13,अंकित राज चंद्रवंशी 31, अतिरिक्त 17, हिमांशु कुमार 3/78, सोनू कुमार 1/53, रोहिताश्वा भगत 1/65, मोहम्मद अजमल 1/61
जमुई : : 113 ऑल आउट (20.2 ओवर), निशु यादव 33, मोहित शर्मा 23, सचिन कुमार 15, मोहम्मद तौफिक 11, फैसल इकबाल 12, हर्ष वर्मा 3/24, आयुष कुमार 2/22, हर्ष कुमार 2/21, चंदन गिरि 1/45