पटना 25 मार्च। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, खेल विभाग , बिहार सरकार एवं अखिल बिहार शतरंज संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित बिहार ओपन फिडे रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता आज से पटना के कंकड़बाग स्थित पाटलिपुत्र खेल परिसर में आरम्भ हो गई। आज सुबह दस बजे से आरम्भ हुए इस प्रतियोगिता में चार देशों के एवं अठारह राज्यों के कुल 617 खिलाड़ियों ने भाग लिया जिसमें एक ग्रैंडमास्टर , एक इंटरनेशनल मास्टर एवं तीन एफ एम भाग ले रहे हैं।
आज प्रतियोगिता के दूसरे चक्र में शीर्ष बोर्ड पर खेलते हुए शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी , रूस के ग्रैंडमास्टर पीटर क्रियाकोव ने बंगाल की रियाना खातून को फ्रेंच डिफेंस के खेल में 42 चालों में पराजित किया।
वहीं दो नम्बर बोर्ड पर बिहार के सितारे खिलाड़ी रेयान मोहम्मद ने सफेद मोहरों से ज़ुकेरटोर्ट ओपनिंग से खेलते हुए महज 25 चालों में स्थानीय खिलाड़ी कार्तिकेय नंदन को पराजित कर अपना विजय अभियान जारी रखा । तीन नम्बर बोर्ड बंगाल की आलेख्या मुखोपाध्याय ने वैभव मिश्रा को इंग्लिश ओपनिंग के खेल में मात्र 21 चालों में पराजित कर दिया।
आज प्रतियोगिता का उद्घाटन भारतीय ग्रैंडमास्टर एवं शतरंज ओलंपियाड में स्वर्ण पदक विजेता टीम के कप्तान रहे नारायण श्रीनाथ ने रूस के ग्रैंडमास्टर पीटर क्रियाकोव के साथ बाजी खेल कर की। इस अवसर पर बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के उप निदेशक हिमांशु सिंह ने सभी आगत अतिथियों का अपने संबोधन से स्वागत किया जबकि अखिल बिहार शतरंज संघ के सचिव धर्मेंद्र कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया। अपने संबोधन में श्रीनाथ ने बिहार सरकार द्वारा खेल के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार एवं प्राधिकरण के संयुक्त प्रयास से बिहार में खेल प्रतिभाओं को निखारने का काम जारी है। इसी का परिणाम है कि बिहार ने हाल के वर्षों में राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर के प्रतियोगिताओं में पदक जीते हैं। शतरंज में बिहार की संभावनाओं के बारे में बोलते हुए श्रीनाथ ने कहा कि रेयान मोहम्मद, मरियम फातिमा, देवांश केशरी जैसे नाम राष्ट्रीय स्तर पर उभर कर आए हैं और युवा खिलाड़ियों की एक पीढ़ी तैयार है। जरूरत है इनकी प्रतिभा को तराशने की। उन्होंने यह भी कहा कि इस विषय में प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री रवीन्द्रण शंकरण से सारगर्भित चर्चा हुई है और संभवत: शीघ्र ही बिहार में आधुनिक शतरंज प्रशिक्षण का कार्य विधिवत शुरू हो जाए।
उद्घाटन समारोह के अवसर पर अखिल बिहार शतरंज संघ के अध्यक्ष दिलजीत खन्ना, एथलेटिक संघ के सचिव लियाकत अली, सिक्किम शतरंज संघ के सचिव महेंद्र ढकाल समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
आज प्रतियोगिता के प्रथम दिन दो चक्रों की समाप्ति के पश्चात सभी वरीय खिलाड़ियों ने अपने अपने मुकाबले जीत लिए।
दूसरे चक्र की समाप्ति के पश्चात शीर्ष बोर्ड के परिणाम इस तरह रहे:
1. किरियाकोव पीटर 2 ने रियाना खातून 1 को
2. रेयान मोहम्मद 2 ने कार्तिकेय नंदन 1 को
3. अलेख्य मुखोपाध्याय 2 ने वैभव कुमार मिश्रा 1 को
4. मानिंद्रकर इंद्रजीत 2 ने वीर विक्रम 1को
5. अभ्रोज्योति नाथ 2 ने भारत कुमार पांडेय 1 को
6. रुपेश जायसवाल 2 ने, अनीका यादव 1को
7. प्रखर त्रिपाठी 2 ने संजय दास 1को
8. कुमार गौरव 2 ने राइमा भट्टाचार्जी 1 को
9. सुधांशु रंजन 2 ने ध्रुव कुमार गुप्ता 1 को
10. परमब्रता सरकार 2 ने महास्वीन सिन्हा 1को
11. सुमन कुमार सिंह 2 ने आरव सहारन 1 को पराजीत किया।