नई दिल्ली, 24 मार्च। ऑल इंग्लैंड बैडमिंटन चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर उपविजेता रहे लक्ष्य सेन अगले महीने होने वाले थॉमस कप में भारतीय पुरुष टीम की अगुवाई करेंगे। वहीं महिला वर्ग के उबर कप में भारत की चुनौती का नेतृत्व पूर्व विश्व चैंपियन पीवी सिंधु करेंगी।
भारतीय बैडमिंटन संघ ने 24 अप्रैल से 3 मई तक डेनमार्क के होर्सेंस में होने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के लिए मजबूत टीम का चयन किया है। खास बात यह है कि 2022 में थॉमस कप जीतने वाली टीम के कई खिलाड़ियों को बरकरार रखा गया है।
अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का संतुलन
पुरुष टीम में लक्ष्य सेन के साथ किदांबी श्रीकांत, एचएस प्रणय और स्टार युगल जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को शामिल किया गया है। युवा खिलाड़ी आयुष शेट्टी को पहली बार टीम में जगह मिली है, जबकि चोट से वापसी कर एमआर अर्जुन भी टीम का हिस्सा बने हैं। इसके अलावा ध्रुव कपिला और किरण जॉर्ज भी टीम को मजबूती देंगे।
महिला टीम में सिंधु के साथ युवा जोश
उबर कप के लिए महिला टीम की कमान पीवी सिंधु के हाथों में होगी। उनके साथ उन्नति हुड्डा, तन्वी शर्मा, देविका सिहाग और इशारानी बरुआ जैसी युवा खिलाड़ियों को भी मौका दिया गया है। युगल वर्ग में गायत्री गोपीचंद और त्रीसा जॉली की जोड़ी से भी टीम को काफी उम्मीदें होंगी।
रैंकिंग के आधार पर हुआ चयन
भारतीय बैडमिंटन संघ के अनुसार, टीम का चयन 10 मार्च तक की बीडब्ल्यूएफ रैंकिंग के आधार पर किया गया है। इसमें शीर्ष एकल खिलाड़ियों और युगल जोड़ियों को प्राथमिकता दी गई है, साथ ही टीम संतुलन को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त खिलाड़ियों को भी शामिल किया गया है।
बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद
संघ के महासचिव संजय मिश्रा ने कहा कि टीम में अनुभव और युवा जोश का अच्छा संतुलन है। उन्होंने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी अपने हालिया फॉर्म को जारी रखते हुए टूर्नामेंट में बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
टूर्नामेंट पर नजर
भारतीय पुरुष टीम जहां 2022 की ऐतिहासिक जीत को दोहराने के इरादे से उतरेगी, वहीं महिला टीम पिछली बार के सेमीफाइनल प्रदर्शन से आगे बढ़ने का लक्ष्य लेकर मैदान में उतरेगी।
भारतीय टीम इस प्रकार है
पुरुष: लक्ष्य सेन, आयुष शेट्टी, किदांबी श्रीकांत, एच.एस. प्रणय, किरण जॉर्ज, सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी, चिराग शेट्टी, हरिहरन अम्सकरुनन, एम. आर. अर्जुन, ध्रुव कपिला।
महिला: पीवी सिंधु, उन्नति हुडा, तन्वी शर्मा, देविका सिहाग, इशरानी बरुआ, ट्रीसा जॉली, गायत्री गोपीचंद पुलेला, कविप्रिया सेल्वम, सिमरन सिंघी, तनीषा क्रास्टो।