Friday, April 17, 2026
Home बिहारक्रिकेट पटना में कॉरपोरेट क्रिकेट स्कूल लीग मई में

पटना में कॉरपोरेट क्रिकेट स्कूल लीग मई में

सिर्फ पटना जिला के खिलाड़ियों को मौका

by Khel Dhaba
0 comment

पटना, 24 मार्च। राजधानी पटना में क्रिकेट प्रतिभाओं को निखारने के उद्देश्य से सरदार पटेल स्पोर्ट्स फाउंडेशन की ओर से आगामी मई महीने में कॉरपोरेट क्रिकेट स्कूल लीग का आयोजन किया जायेगा। यह लीग खास तौर पर स्कूली खिलाड़ियों के लिए आयोजित की जा रही है, जिसमें अंडर-12 और अंडर-15 दो आयु वर्गों में मुकाबले होंगे।

स्कूली स्तर के क्रिकेट को बढ़ावा देना उद्देश्य

फाउंडेशन के संस्थापक संतोष तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस लीग का मुख्य उद्देश्य पटना जिला में स्कूली स्तर पर क्रिकेट को बढ़ावा देना और स्थानीय प्रतिभाओं को एक बेहतर मंच प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि चयन ट्रायल पूरी पारदर्शिता के साथ आयोजित किये जायेंगे और हर प्रतिभाशाली खिलाड़ी को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलेगा।

सिर्फ पटना जिला के खिलाड़ियों को मिलेगा अवसर

इस प्रतियोगिता की एक महत्वपूर्ण शर्त यह है कि इसमें केवल पटना जिला के स्कूलों के खिलाड़ी ही हिस्सा ले सकेंगे, जिससे स्थानीय प्रतिभाओं को प्राथमिकता और बेहतर अवसर मिल सके।

8-8 टीमों के बीच होगी कड़ी प्रतिस्पर्धा

आयोजकों के अनुसार, दोनों कैटेगरी में कुल 8-8 टीमें हिस्सा लेंगी, जिससे प्रतियोगिता काफी प्रतिस्पर्धात्मक और रोमांचक होने की उम्मीद है। लीग में भाग लेने वाली टीमों का गठन सेलेक्शन ट्रायल के माध्यम से किया जायेगा, ताकि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को सही मंच मिल सके।

सफेद गेंद और रंगीन ड्रेस में होंगे मुकाबले

इस लीग की खास बात यह होगी कि सभी मुकाबले सफेद गेंद से रंगीन ड्रेस (कलर किट) में खेले जायेंगे, जिससे खिलाड़ियों को प्रोफेशनल क्रिकेट जैसा अनुभव मिलेगा। आयोजन समिति का मानना है कि इस तरह के प्रारूप से खिलाड़ियों में प्रतिस्पर्धा की भावना बढ़ेगी और वे बड़े स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार हो सकेंगे।

खिलाड़ियों पर होगी पुरस्कारों की बारिश

लीग के दौरान खिलाड़ियों के लिए आकर्षक पुरस्कारों की व्यवस्था भी की गई है। विजेता और उपविजेता टीमों के साथ-साथ बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल और अन्य पुरस्कारों से सम्मानित किया जायेगा। साथ ही, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भविष्य की प्रतियोगिताओं और चयन प्रक्रियाओं में प्राथमिकता देने की भी योजना है। उन्होंने आगे कहा कि इस लीग को और बड़े स्तर पर आयोजित करने की योजना है, ताकि अधिक से अधिक खिलाड़ियों को इसका लाभ मिल सके। यह लीग निश्चित रूप से पटना के उभरते क्रिकेटरों के लिए एक सुनहरा अवसर साबित होगी, जहां वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर आगे बढ़ने का रास्ता तैयार कर सकेंगे।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Subscribe my Newsletter for new blog posts, tips & new photos. Let's stay updated!

Laest News

@2025 – All Right Reserved.

Verified by MonsterInsights