Wednesday, June 10, 2026
Home बिहारअन्य बिहार को खेलों में बड़ी सौगात, राजगीर में खुलेगा इस गेम का सेंटर ऑफ एक्सीलेंस

बिहार को खेलों में बड़ी सौगात, राजगीर में खुलेगा इस गेम का सेंटर ऑफ एक्सीलेंस

भारतीय भारोत्तोलन संघ के प्रतिनिधि ने किया सुविधाओं का मुआयना, कहा-वर्ल्ड क्लास व्यवस्था

by Khel Dhaba
0 comment

पटना, 2 मार्च। राजगीर स्थित स्टेट स्पोर्ट्स अकादमी के हॉल संख्या–3 में उपलब्ध वेटलिफ्टिंग इंफ्रास्ट्रक्चर का निरीक्षण करने भारतीय भारोत्तोलन महासंघ द्वारा भेजे गए भारतीय वेटलिफ्टिंग टीम के चीफ नेशनल कोच एवं ओलंपिक पदक विजेता मीराबाई चानू के कोच विजय कुमार ने सुविधाओं पर गहरी संतुष्टि और प्रशंसा व्यक्त की। यह जानकारी बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवींद्रन शंकरण ने दी।

निरीक्षण के दौरान विजय कुमार ने आधुनिक उपकरणों, अंतरराष्ट्रीय मानकों के प्लेटफॉर्म, खिलाड़ियों के लिए सुरक्षित प्रशिक्षण वातावरण और वैज्ञानिक सुविधाओं का विस्तार से जायजा लिया। उन्होंने कहा कि यह परिसर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन तथा राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविरों के संचालन के लिए पूरी तरह उपयुक्त है।

उन्होंने अपने अवलोकन में स्पष्ट किया कि राजगीर का यह इंफ्रास्ट्रक्चर भारत में वेटलिफ्टिंग के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र बन सकता है। यहां उच्च स्तरीय प्रशिक्षण की पूरी क्षमता मौजूद है, जिससे बिहार सहित देशभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को लाभ मिलेगा।

महानिदेशक रवींद्रन शंकरण के अनुसार, विजय कुमार की सकारात्मक रिपोर्ट के आधार पर भारतीय भारोत्तोलन महासंघ बिहार में वेटलिफ्टिंग के “सेंटर ऑफ एक्सीलेंस” की स्थापना के लिए राज्य सरकार के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर करने की तैयारी कर रहा है। इस पहल से बिहार को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी और राज्य के युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्राप्त होगा।

खेल विशेषज्ञों का मानना है कि सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना से राजगीर खेल प्रशिक्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा और बिहार में खेल संस्कृति को नई दिशा मिलेगी।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Laest News

@2025 – All Right Reserved.