पटना, 2 मार्च। भोजपुर ने शाहाबाद जोन की ओर बीसीए सीनियर मेंस वनडे ट्रॉफी के क्वार्टरफाइनल में प्रवेश कर लिया है। इस जोन के अंतिम लीग मुकाबले में भोजपुर ने बक्सर को 9 विकेट से पराजित किया।
मैच का सार
राजधानी पटना से सटे सदीसोपुर स्थित डीएलएस ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में बक्सर ने टॉस जीता और पहले बैटिंग करते हुए 39.3 ओवर में सभी विकेट खोकर 174 रन बनाये। जवाब में भोजपुर ने 22.4 ओवर में 1 विकेट पर 175 रन बना कर मैच अपने नाम कर लिया। विजेता टीम के प्रकाश कुमार सिंह को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

बक्सर की पारी लड़खड़ाई
बक्सर की शुरुआत ठीक रही, लेकिन मध्यक्रम दबाव झेल नहीं सका। कप्तान निखिलकात्यायन ने 28 गेंदों पर 52 रन तेज पारी खेली, जिसमें 9 चौके और एक छक्का शामिल था। अरुण कुमार यादव ने 44 रन और ब्रजेश यादव ने 29 रन बनाए, परंतु नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से टीम बड़ा स्कोर नहीं बना सकी।
भोजपुर की ओर से समरेश कुमार सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 26 रन देकर चार विकेट झटके, जबकि अंकित सिंह ने 24 रन देकर तीन विकेट लिए और बक्सर की पारी को समेटने में अहम भूमिका निभाई।
भोजपुर की आक्रामक बल्लेबाजी
175 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भोजपुर की टीम ने शुरुआत से ही मैच पर पकड़ बना ली। हृदयानंद सिंह ने 47 गेंदों पर 74 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। उनके आउट होने के बाद प्रकाश सिंह ने नाबाद 72 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई, जबकि अंकित राज 18 रन बनाकर नाबाद लौटे। इन बल्लेबाजों की साझेदारी ने मैच को एकतरफा बना दिया और भोजपुर ने 22.4 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।
संक्षिप्त स्कोर
बक्सर : 174/10 (39.3 ओवर), निखिल कात्यायन 52, अरुण कुमार यादव 44, ब्रजेश यादव 29, अमितोश ठाकुर 14,
समरेश कुमार सिंह 4/26, अंकित सिंह 3/24,राहुल कुमार 1/57, प्रेम सिंह 1/32
भोजपुर : 175/1 (22.4 ओवर), हृदयानंद सिंह 74, प्रकाश कुमार सिंह नाबाद 72 , अंकित राज नाबाद 18