कोलंबो, 14 फरवरी। Ireland vs Oman T20 World Cup 2026 टी20 विश्व कप के ग्रुप बी मुकाबले में आयरलैंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओमान को 96 रन से करारी शिकस्त दी। कप्तान लोरकान टकर की 51 गेंदों में 94 रन की विस्फोटक पारी इस जीत की सबसे बड़ी वजह रही। उनकी कप्तानी पारी की बदौलत आयरलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 235 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जो टूर्नामेंट का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है।
इसे भी पढ़ें : टी20 विश्व कप IND VS PAK : कौशल से ज्यादा दबाव झेलने की असली परीक्षा
टकर की कप्तानी पारी से संभली आयरलैंड
आयरलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम 47 रन पर तीन विकेट गंवा चुकी थी। इसके बाद कप्तान लोरकान टकर ने जिम्मेदारी संभालते हुए आक्रामक बल्लेबाजी की। उन्होंने अपनी पारी में 10 चौके और 4 छक्के लगाए। टकर ने जेरेथ डेलानी (56) के साथ 101 रन की अहम साझेदारी की, जिसने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
इसके बाद जॉर्ज डॉकरेल ने मात्र 9 गेंदों में 35 रन की विस्फोटक पारी खेलते हुए पांच छक्के जड़े। आयरलैंड ने अंतिम चार ओवरों में 86 रन जोड़कर ओमान के सामने पहाड़ जैसा लक्ष्य रखा।
ओमान की पारी 139 रन पर सिमटी
236 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ओमान की टीम दबाव में बिखर गई और 18 ओवर में 139 रन पर ऑलआउट हो गई। आमिर कलीम ने 50 रन और हमाद मिर्जा ने 46 रन बनाकर संघर्ष किया, लेकिन अन्य बल्लेबाज दोहरे अंक तक भी नहीं पहुंच सके।
इसे भी पढ़ें : टी20 विश्व कप मैच प्रीव्यू : अपने ग्रुप में शीर्ष स्थान मजबूत करना चाहेगा वेस्टइंडीज
आयरलैंड की ओर से जोश लिटिल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 16 रन देकर 3 विकेट लिए। मैथ्यू हम्फ्रीस और बैरी मैकार्थी ने दो-दो विकेट झटके।
स्पिनरों ने दिलाई शुरुआती सफलता
ओमान के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी और पावरप्ले में स्पिनरों का उपयोग किया। 38 वर्षीय शकील ने तीन विकेट लेकर आयरलैंड को शुरुआती झटके दिए। उन्होंने टिम टेक्टर, रोस एडेयर और हैरी टेक्टर को आउट कर मैच में ओमान की उम्मीदें जगाईं, लेकिन टकर की पारी ने मैच का रुख बदल दिया।
इसे भी पढ़ें : टी20 विश्व कप मैच प्रीव्यू : सुपर आठ की उम्मीदें जिंदा रखना चाहेगा अमेरिका
अंक तालिका में स्थिति
इस बड़ी जीत के बावजूद आयरलैंड ग्रुप बी में चौथे स्थान पर बना हुआ है, जबकि श्रीलंका, जिम्बाब्वे और ऑस्ट्रेलिया शीर्ष तीन स्थानों पर काबिज हैं।
संक्षिप्त स्कोर:
आयरलैंड – 235/5 (20 ओवर)
ओमान – 139 ऑल आउट (18 ओवर)
परिणाम – आयरलैंड 96 रन से विजयी