लखनऊ, 24 मई। पिछले दो सत्र में उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाने के कारण ऋषभ पंत की लखनऊ सुपर जायंट्स की कप्तानी पर तलवार लटक गई है। ऐसा इसीलिए समझा जा रहा क्योंकि क्रिकेट निदेशक टॉम मूडी ने स्वीकार किया है कि यह विकेटकीपर बल्लेबाज दबाव को झेलने में असफल रहा है। पिछले दो सालों में लखनऊ सुपर जायंटस की टीम 28 मैचों में केवल 10 में जीत हासिल कीं।
इस सत्र के आखिरी मुकाबले में पंजाब किंग्स से मिली सात विकेट की करारी हार के बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि अगर कप्तानी की बात करें तो निश्चित तौर पर उन्हें यह चुनौतीपूर्ण लगी है और परिणाम इसे दर्शाते हैं।
ऋषभ पंत का परफॉरमेंस रहा है खराब
उन्होंने कहा कि हमें इस पर विचार करना होगा कि इस दबाव का बल्लेबाजी में उनके प्रदर्शन पर भी तो असर नहीं पड़ रहा है। मैं जानता हूं कि यह सत्र हमारे लिए मुश्किल रहा है, लेकिन हम इस पर विचार करेंगे। हम हर पहलू पर गौर करेंगे। एलएसजी ने पंत को रिकॉर्ड 27 करोड़ रुपये में खरीदा था, इसलिए उनके प्रदर्शन पर शुरू से ही नजर रखी जा रही थी। इस बीच वह रन बनाने के लिए संघर्ष करते रहे।
आईपीएल में पंत के प्रदर्शन में आई है गिरावट
भारत के सबसे विस्फोटक बल्लेबाजों में से एक माने जाने वाले ऋषभ पंत ने आईपीएल 2018 में शानदार प्रदर्शन किया। तब उन्होंने 173.60 के स्ट्राइक रेट से 684 रन बनाए। इसके बाद 2019 में उन्होंने 162.66 के स्ट्राइक रेट से 488 रन बनाए। एलएसजी की तरफ से हालांकि ऋषभ पंत ने दो सत्र में 581 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 135.74 रहा, जो उनके कैरियर के 144.18 के स्ट्राइक रेट से कम है।
टेस्ट टीम के उपकप्तान पद से हटा दिये गए हैं ऋषभ पंत
हाल में पंत की जगह केएल राहुल को टेस्ट टीम का उप कप्तान नियुक्त किया गया। उन्हें वनडे टीम से भी बाहर कर दिया गया है। इसके बाद अब मूडी की यह टिप्पणी आई है। उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से हम अपनी अपेक्षाओं या मानकों पर खरे नहीं उतरे हैं। जहां तक फ्रेंचाइजी के नेतृत्व की बात है तो यह निश्चित रूप से एक ऐसा मुद्दा है जिस पर हम भविष्य में गंभीरता से विचार करेंगे।
लखनऊ सुपर जायंटस को नये सिरे से सोचना होगा
मूडी ने कहा कि हम प्रत्येक सत्र में हर विभाग के प्रदर्शन पर गौर करते हैं और कुछ सोच-समझकर निर्णय लेते हैं, लेकिन निश्चित रूप से ऐसा लगता है कि हमें नए सिरे से शुरुआत करने पर विचार करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि इस निराशाजनक प्रदर्शन के लिए किसी एक व्यक्ति को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता है।
निराशाजनक सत्र के लिए हर सभी जिम्मेवार
मूडी ने कहा कि इस निराशाजनक सत्र के लिए हम सभी जिम्मेदार हैं। मुझे नहीं लगता कि यह किसी व्यक्ति विशेष पर उंगली उठाने का समय है। हम सभी जवाबदेह हैं और अभी किसी विशेष विभाग पर दोष मढ़ने का समय नहीं है। उन्होंने कहा कि हम सभी को इस पर शांतिपूर्वक विचार करने के लिए समय चाहिए, लेकिन कुछ चीजें ऐसी हैं जिन पर हमें ध्यान देने की जरूरत है और उन पर ध्यान दिया जाएगा।
पंजाब के सहायक कोच ने कहा कि अच्छा प्रदर्शन रहा
इस बीच पंजाब किंग्स के सहायक कोच ब्रैड हैडिन ने कहा कि हमारी टीम ने इस मैच में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया। आप चाहते हैं कि इस तरह के मैच में आपके सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन करें। उन्होंने कहा कि यह वह मैच हैं जिन्हें आप खेलना चाहते हैं, जिनमें सब कुछ दांव पर लगा होता है। पिछले कुछ दिनों से कप्तान (इस मैच में शतक जड़ने वाले श्रेयस अय्यर) की आंखों में यही चमक थी। वह अपने प्रदर्शन से मैच का रुख बदलने और हमें फाइनल तक पहुंचाने में अहम योगदान देना चाहते हैं।