Sunday, May 24, 2026
Home IPL IPL 2026 : मुंबई इंडियंस को हरा राजस्थान रॉयल्स प्ले ऑफ में

IPL 2026 : मुंबई इंडियंस को हरा राजस्थान रॉयल्स प्ले ऑफ में

प्ले ऑफ में राजस्थान रॉयल्स का मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद से 27 मई को

by Khel Dhaba
0 comment

मुंबई, 24 मई। राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को 30 रन से हरा कर आईपीएल 2026 के प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली है।

इस करो या मरो मुकाबले में रविवार को राजस्थान रॉयल्स ने यहां मुंबई इंडियंस के खिलाफ आठ विकेट पर 205 रन बनाए।

206 रन के लक्ष्य का पीछा करती हुए मुंबई इंडियंस की टीम निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट पर 175 रन ही बना सकी। मुंबई इंडियंस की ओर से सूर्य कुमार ने 60, विल जैक्स ने 33 और हार्दिक पांड्या ने 34 रन बनाये।

राजस्थान रॉयल्स की ओर से जोफ्रा आर्चर ने 3, नांद्रे बर्गर ने 2, बृजेश शर्मा ने 2 और यश पुंजा ने 2 विकेट चटकाये।

इससे पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर राजस्थान रॉयल्स टीम लगातार अंतराल पर विकेट गंवाती रही, लेकिन ध्रुव जुरेल ने 26 गेंद में 38, जोफ्रा आर्चर ने 15 गेंद में 32, दासुन शनाका ने 15 गेंद में 29 और यशस्वी जायसवाल ने 17 गेंद में 27 रन का अहम योगदान दिया।

टीम पूरी पारी के दौरान बड़ी साझेदारी करने में नाकाम रहने के बावजूद 200 रन का आंकड़ा पार करने में सफल रही। रविंद्र जडेजा (नाबाद 19) और नांद्रे बर्गर (नाबाद 10) ने आखिरी ओवरों में 13 गेंद में 30 रन की साझेदारी कर टीम को प्रतिस्पर्धी स्कोर तक पहुंचाया।

मुंबई इंडियन्स के लिए दीपक चाहर ने 43 और शारदुल ठाकुर ने 41 रन देकर दो-दो विकेट लिये।

विल जैक्स, अल्लाह गजानफर और कोर्बिन बॉश को एक-एक सफलता मिली।

पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर जायसवाल ने चाहर के खिलाफ छक्के के साथ हाथ खोले। इसके बाद उन्होंने विल जैक्स की गेंद को भी दर्शकों के बीच पहुंचाया। वह एक और बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में जैक्स की गेंद को हवा में खेल बैठे और बॉश ने आसान कैच लपककर रॉयल्स को पहला झटका दिया।

दूसरे छोर पर असहज दिख रहे वैभव सूर्यवंशी (चार) भी अगले ओवर में चाहर की गेंद को हवा में लहराकर कैच आउट हो गए।

कप्तान रियान पराग (14) ने क्रीज पर आते ही छक्के के साथ हाथ खोला और फिर अल्लाह गजनफर की गेंद पर लगातार दो चौके जड़े। वह पावरप्ले का अंत छक्के के साथ करने की कोशिश में बाउंड्री के पास तिलक वर्मा द्वारा लपके गए, जिससे टीम ने छह ओवर में 54 रन पर तीन विकेट गंवा दिए।

छठे ओवर में गजनफर पर छक्का जड़ने वाले ध्रुव जुरेल ने एक छोर से संभलकर बल्लेबाजी की, तो वहीं दूसरे छोर से शनाका ने अफगानिस्तान के इस गेंदबाज और रघु शर्मा के खिलाफ आसानी से छक्के जड़कर रनगति बनाए रखी।

शनाका की 15 गेंद में 29 रन की आक्रामक पारी का अंत जुरेल के साथ गलतफहमी के कारण रन आउट होने से हुआ। इन दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 45 रन की साझेदारी की जो रॉयल्स की पारी की सबसे बड़ी साझेदारी रही।

इस विकेट के बाद जुरेल ने तेजी से रन बनाने का मोर्चा संभालते हुए गजानफर के खिलाफ लगातार दो चौके और मिडऑन के ऊपर से बड़ा छक्का जड़ दिया। उनकी पारी भी ज्यादा लंबी नहीं चली और बॉश की शानदार यॉर्कर पर जुरेल का विकेट उखड़ गया।

डोनोवन फरेरा 14 गेंद में 18 रन बनाकर चाहर का दूसरा शिकार बने।

बल्लेबाजी क्रम में ऊपर भेजे गए आर्चर ने भी अपनी पारी में तीन छक्के जड़े, वहीं जडेजा और बर्गर ने आखिरी ओवरों में मुंबई के गेंदबाजों को परेशान किया।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Laest News

@2025 – All Right Reserved.

Verified by MonsterInsights