मुंबई, 9 फरवरी। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने सत्र 2025-26 के लिए पुरुष और महिला क्रिकेटरों की सालाना केंद्रीय अनुबंध सूची जारी कर दी है। इस सूची में जहां पुरुष क्रिकेट में बड़ा बदलाव करते हुए ए+ श्रेणी को समाप्त कर दिया गया है, वहीं महिला क्रिकेट में जेमिमा रोड्रिग्स को उनके शानदार प्रदर्शन का इनाम मिला है और उन्हें ग्रेड ए में शामिल किया गया है।
पुरुष क्रिकेट: ए+ श्रेणी खत्म, कोहली-रोहित बी ग्रेड में
बीसीसीआई ने पुरुष वर्ग में 30 खिलाड़ियों को ए, बी और सी श्रेणियों में केंद्रीय अनुबंध दिए हैं। सबसे बड़ा फैसला यह रहा कि बोर्ड ने ए+ श्रेणी को पूरी तरह समाप्त कर दिया, जिसमें पहले सबसे अधिक रिटेनरशिप मिलती थी। सीनियर स्टार विराट कोहली और रोहित शर्मा को इस बार बी श्रेणी में रखा गया है। दोनों खिलाड़ी अब टेस्ट और टी20 क्रिकेट से विदाई के बाद केवल एक प्रारूप में ही सक्रिय हैं, इसी वजह से वे शीर्ष श्रेणी में नहीं रह सके।
पुरुष वर्ग की प्रमुख श्रेणियां
ए श्रेणी : शुभमन गिल, जसप्रीत बुमराह,रविंद्र जडेजा
बी श्रेणी (प्रमुख नाम) : विराट कोहली, रोहित शर्मा, केएल राहुल, हार्दिक पांड्या, ऋषभ पंत,मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव, यशस्वी जायसवाल, सूर्यकुमार यादव, श्रेयस अय्यर, वॉशिंगटन सुंदर।
श्रेणी सी: अक्षर पटेल, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, संजू सैमसन, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप, ध्रुव जुरेल, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, नीतीश कुमार रेड्डी, अभिषेक शर्मा, बी साई सुदर्शन, रवि बिश्नोई, रुतुराज गायकवाड़।
बीसीसीआई ने इस बार रिटेनरशिप राशि की आधिकारिक घोषणा नहीं की है, हालांकि पहले ए श्रेणी में 5 करोड़, बी में 3 करोड़ और सी में 1 करोड़ रुपये दिए जाते थे।

महिला क्रिकेट: जेमिमा रोड्रिग्स को ग्रेड ए का इनाम
महिला वर्ग में बीसीसीआई ने 21 खिलाड़ियों को केंद्रीय अनुबंध दिए हैं। भारत की 2025 महिला विश्व कप जीत में अहम भूमिका निभाने वाली जेमिमा रोड्रिग्स को शानदार प्रदर्शन के बाद ग्रेड ए में पदोन्नत किया गया है। उन्होंने विश्व कप सेमीफाइनल में शतक जड़कर ऑस्ट्रेलिया को टूर्नामेंट से बाहर किया था।
महिला ग्रेड ए
हरमनप्रीत कौर
स्मृति मंधाना
दीप्ति शर्मा
जेमिमा रोड्रिग्स
सूत्रों के अनुसार महिला अनुबंध की राशि में कोई बदलाव नहीं हुआ है—
ग्रेड ए: 50 लाख रुपये, ग्रेड बी: 30 लाख रुपये और ग्रेड सी: 10 लाख रुपये।

ग्रेड बी और सी में भी बड़ा फेरबदल
ग्रेड बी में इस बार कई खिलाड़ियों को पदोन्नति मिली है।
राधा यादव
अमनजोत कौर
अरुंधति रेड्डी
स्नेह राणा
शैफाली वर्मा
ऋचा घोष
रेणुका सिंह
इसके अलावा प्रतिका रावल, क्रांति गौड़ और उमा चेत्री को पहली बार केंद्रीय अनुबंध में शामिल किया गया है।
ग्रेड सी में कई नए चेहरे जुड़े हैं, जिनमें
श्री चरणी
यस्तिका भाटिया
हरलीन देओल
काश्वी गौतम
जी कमलिनी
वैष्णवी शर्मा
तेजल हसबनिस
महिला वर्ग से बाहर रहीं दो ऑलराउंडर
पिछले सत्र में ग्रेड सी में शामिल श्रेयांका पाटिल और पूजा वस्त्राकर इस बार अनुबंध सूची से बाहर रहीं। दोनों खिलाड़ी लंबे समय तक चोट से जूझती रहीं, हालांकि हाल ही में महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) में उन्होंने वापसी की है।