बेगूसराय, 7 फरवरी। दिनकर क्रिकेट क्लब, बलिया क्रिकेट क्लब और बेगूसराय क्रिकेट क्लब ने बेगूसराय जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में खेली जा रही बेगूसराय सीनियर डिवीजन जिला क्रिकेट लीग के सेमीफाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली। 8 फरवरी यानी रविवार को होने वाले पहले सेमीफाइनल में बेगूसराय नगर क्रिकेट क्लब का मुकाबला बलिया क्रिकेट क्लब से होगा। मैच गांधी स्टेडियम में खेला जायेगा।
गांधी स्टेडियम में दिनकर क्रिकेट क्लब की शानदार जीत
गांधी स्टेडियम में खेले गए पहले क्वार्टर फाइनल मुकाबले में दिनकर क्रिकेट क्लब और बेगूसराय ग्रामीण क्रिकेट क्लब आमने-सामने थे। दिनकर क्रिकेट क्लब के कप्तान ललन लालित्य ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। निर्धारित 35 ओवर के मैच में दिनकर क्रिकेट क्लब ने 9 विकेट खोकर 264 रन बनाए। दिनकर की ओर से विशाल ने 71 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि शिवम राज ने 62 रन बनाए। बेगूसराय ग्रामीण क्रिकेट क्लब की ओर से रितिक और शुभम ने तीन-तीन विकेट झटके।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी बेगूसराय ग्रामीण क्रिकेट क्लब की टीम 34वें ओवर में 201 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से ऋषि मेहता ने 64 रन और राज मल्लिक ने 45 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली। दिनकर क्रिकेट क्लब के लिए राम विनीत शरण ने 4 विकेट और राम ने 3 विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। दिनकर क्रिकेट क्लब ने यह मुकाबला 63 रन से जीत लिया। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार राम विनीत शरण को बेगूसराय जिला क्रिकेट संघ के सचिव मृत्युंजय कुमार, आयोजन समिति के संयोजक निराला कुमार, शारीरिक शिक्षक दीपक कुमार, टी हुसैन, बबली और विवेक कुमार ने संयुक्त रूप से प्रदान किया।
फर्टिलाइजर मैदान पर बलिया क्रिकेट क्लब ने दिखाया दम
दूसरा क्वार्टर फाइनल मुकाबला फर्टिलाइजर मैदान पर नौला क्रिकेट क्लब और बलिया क्रिकेट क्लब के बीच खेला गया। नौला क्रिकेट क्लब ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 40 ओवर में 9 विकेट खोकर 226 रन बनाए। नौला की ओर से अंकित ने 73 रन और पुष्कर ने 40 रनों की पारी खेली। बलिया क्रिकेट क्लब की ओर से शांतनु ने 3 विकेट जबकि अजहर अली ने 2 विकेट हासिल किए।
जवाब में उतरी बलिया क्रिकेट क्लब की टीम ने 38वें ओवर में 8 विकेट खोकर 227 रन बनाते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया। बलिया की ओर से अमित राधे ने शानदार 74 रन बनाए, जबकि नीतीश ने 42 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। नौला क्रिकेट क्लब की ओर से दौलत ने 3 विकेट और पुष्कर ने 2 विकेट लिए, लेकिन टीम को हार का सामना करना पड़ा। बलिया क्रिकेट क्लब ने यह मुकाबला 2 विकेट से जीत लिया। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार अमित राधे को विश्वजीत कुमार और शाहिद अख्तर ने प्रदान किया।
ग्रीन पार्क उलाव में बेगूसराय क्रिकेट क्लब की आसान जीत
तीसरा क्वार्टर फाइनल मुकाबला ग्रीन पार्क उलाव में बरौनी क्रिकेट क्लब और बेगूसराय क्रिकेट क्लब के बीच खेला गया। बरौनी क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 35 ओवर में 8 विकेट खोकर 193 रन बनाए। बरौनी की ओर से सौरभ ने 46 रन और अंशु ने 42 रन बनाए। बेगूसराय क्रिकेट क्लब की ओर से अभिषेक झा ने 4 विकेट और अजिंक्य ने 2 विकेट लेकर प्रभावशाली गेंदबाजी की।
लक्ष्य का पीछा करते हुए बेगूसराय क्रिकेट क्लब की टीम ने 31वें ओवर में 4 विकेट खोकर 196 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। बेगूसराय की ओर से हर्ष वर्मा ने 56 रन और राम ने 30 रन की उपयोगी पारी खेली। बरौनी क्रिकेट क्लब की ओर से मुजम्मिल ने 3 विकेट लिए। बेगूसराय क्रिकेट क्लब ने यह मुकाबला 6 विकेट से जीत लिया। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार बेगूसराय क्रिकेट क्लब के अभिषेक झा को बेगूसराय जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष सुनील कुमार, रामकुमार और मो. जमशेद ने प्रदान किया।
8 फरवरी को खेला जाएगा पहला सेमीफाइनल मुकाबला
बेगूसराय सीनियर डिवीजन जिला क्रिकेट लीग का पहला सेमीफाइनल मुकाबला कल गांधी स्टेडियम, बेगूसराय में बेगूसराय नगर क्रिकेट क्लब और बलिया क्रिकेट क्लब के बीच खेला जाएगा। क्रिकेट प्रेमियों को इस मुकाबले से रोमांचक खेल की उम्मीद है।
