भागलपुर, 6 फरवरी। भागलपुर जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में स्थानी सैंडिस कंपाउंड में आयोजित भागलपुर ए डिवीजन जिला क्रिकेट लीग के लीग मुकाबले में यूनाइटेड क्रिकेट क्लब ने दमदार प्रदर्शन करते हुए रणधीर वर्मा क्रिकेट क्लब को 5 विकेट से पराजित कर दिया।
रणधीर वर्मा क्लब 162 रन तक सिमटा
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी रणधीर वर्मा क्रिकेट क्लब की टीम निर्धारित 35 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर 162 रन ही बना सकी। टीम की ओर से सौरव कुमार ने संयमित और शानदार बल्लेबाजी करते हुए 73 गेंदों पर नाबाद 60 रन बनाए। उनके अलावा राजधान कुमार ने 24 रन और आयुष ने 17 रनों का योगदान दिया।
यूनाइटेड क्रिकेट क्लब की ओर से गेंदबाजी में शैलेंद्र कुमार ने प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए 6 ओवर में 24 रन देकर 3 विकेट झटके। भानु कुमार ने 7 ओवर में 38 रन देकर 3 विकेट, जबकि विवेक कुमार ने 5 ओवर में 18 रन देकर 1 विकेट हासिल किया।

20.5 ओवर में लक्ष्य हासिल, आर्यन का विस्फोटक अर्धशतक
163 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूनाइटेड क्रिकेट क्लब की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 20.5 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। आर्यन कुमार सिंह ने विस्फोटक अंदाज में 29 गेंदों पर 52 रन बनाए। सूर्य रघुवंशी ने 37 रन, मयंक चौधरी ने 25 रन और भानु कुमार ने 22 रनों का उपयोगी योगदान दिया।
रणधीर वर्मा क्रिकेट क्लब की ओर से गेंदबाजी में तेजस्वी राजीव कुमार ने 2 विकेट लिए, जबकि आदित्य राज, मोहम्मद शोएब और शिव अवस्थी को 1-1 विकेट मिला।

भानू कुमार बने प्लेयर ऑफ द मैच
ऑलराउंड शानदार प्रदर्शन के लिए यूनाइटेड क्रिकेट क्लब के भानू कुमार को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया। मैच में अंपायरिंग की जिम्मेदारी अनिल गुप्ता और नरेंद्र कुमार ने निभाई।
7 फरवरी का मुकाबला
दैनिक कार्यक्रम के अनुसार, कल का मुकाबला यूथ कॉर्नर बनाम बरहेपुरा क्रिकेट क्लब के बीच खेला जाएगा।