पटना, 23 अगस्त। बिहार में पहली बार होने वाले हीरो एशिया कप पुरुष हॉकी चैंपियनशिप राजगीर 2025 को लेकर पूरे राज्य में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। 29 अगस्त से 7 सितंबर तक राजगीर में आयोजित होने वाले इस ऐतिहासिक आयोजन से पहले ट्रॉफी गौरव यात्रा बिहार के सभी जिलों का दौरा कर रही है।
शनिवार को यह Hockey Asia Cup 2025 Trophy Tour नवादा, मधुबनी, जमुई और सुपौल पहुंचा, जहां खिलाड़ियों और स्थानीय लोगों ने बैंड-बाजे, सांस्कृतिक कार्यक्रम और खेल प्रस्तुतियों के साथ इसका स्वागत किया।
नवादा में स्वागत
हरिश्चंद्र स्टेडियम और खेल भवन में आयोजित समारोह में जिलाधिकारी रवि प्रकाश, एडीएम अनिल कुमार तिवारी और जिला खेल पदाधिकारी रवि कुमार समेत बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे।
जमुई में उत्साह
जमुई समाहरणालय में जिलाधिकारी नवीन, पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल और डीडीसी सुभाष चंद्र मंडल ने ट्रॉफी का स्वागत किया।
मधुबनी में जोश
खेल भवन में जिलाधिकारी आनंद शर्मा, पुलिस अधीक्षक योगेंद्र शर्मा और जिला खेल पदाधिकारी नीतीश कुमार के साथ खेल प्रेमियों ने ट्रॉफी का शानदार स्वागत किया।
सुपौल में भव्य आयोजन
आउटडोर स्टेडियम में जिलाधिकारी सावन कुमार, एडीएम सच्चिदानंद सुमन और जिला खेल पदाधिकारी अंजू कुमारी सहित स्थानीय लोगों ने ट्रॉफी का गर्मजोशी से स्वागत किया।
पूरे बिहार में हॉकी का जुनून
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के अनुसार, यह Trophy Tour 17 अगस्त से शुरू हुआ और बिहार के सभी जिलों के अलावा चेन्नई, दिल्ली, चंडीगढ़, ओडिशा, असम और झारखंड से भी होकर गुजरेगा।
इस यात्रा का उद्देश्य युवाओं में हॉकी के प्रति रुचि बढ़ाना और खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करना है।
लोगों में इस ट्रॉफी यात्रा को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है। अन्य जिलों में भी लोग बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। 29 अगस्त तक यह ट्रॉफी यात्रा राजगीर पहुंचेगी और वहीं से Hero Asia Cup 2025 Bihar की शुरुआत होगी।
