सुरेंद्र नारायण सिंह

दरभंगा, 24 सितंबर। खेल विभाग बिहार और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना के बैनर तले तथा जिला प्रशासन दरभंगा के संयुक्त तत्वावधान में बिहार स्पेशल आर्म्ड पुलिस-13 के प्रांगण में चल रही इस राज्यस्तरीय विद्यालय बालिका हैंडबॉल (अंडर-14,17,19) प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के बीच जबर्दस्त जज्बा, उत्साह और अपने जिले के लिए जीतने की दृढ़ संकल्प शक्ति उनके सुंदर खेल से दिखाई पड़ रहा है।
दूसरे दिन के मुकाबले में बालिका अंडर-14 में सीवान, बेगूसराय, दरभंगा, समस्तीपुर, एकलव्य, पटना, रोहतास, पश्चिमी चंपारण, बालिका अंडर-17 में सीवान, सारण, पटना, समस्तीपुर, दरभंगा ने जीत हासिल की।
खेल की संपूर्ण तैयारी बिहार राज्य खेल प्राधिकरण से प्रतिनियुक्त तकनीकी पदाधिकारी एवं राज्य स्तरीय सम्मान से सम्मानित शारीरिक शिक्षा शिक्षक एवं राष्ट्रीय रेफरी संतोष कुमार वर्मा की देखरेख में संचालित हो रहा है। संतोष कुमार वर्मा के कुशल नेतृत्व में तीनों आयु वर्ग के खिलाड़ियों का लीग मैच संचालित किया जा रहा है। अपने पूल के विजेता एवं उपविजेता जिला को क्वार्टर फाइनल में प्रवेश का मौका मिलेगा।
मैदान की संपूर्ण व्यवस्था शारीरिक शिक्षा शिक्षक आशीष कुमार एवं देवनंदन झा के साथ शिक्षकों की टोली लगी है। साथ ही साथ दरभंगा जिला हैंडबॉल संघ के खिलाड़ी कन्हैया कुमार, गोविंद कुमार, लव कुमार, प्रवीण कुमार एवं विकास कुमार आने वाले समय में उत्कृष्ट खिलाड़ी एवं व्यवस्था कौशल्या की शिक्षा इस खेल मैदान में ग्रहण कर रहे हैं और खेल को व्यवस्थित करने में उनका अमूल्य योगदान है।
खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित अलखदेव प्रसाद यादव की उपस्थिति ने खिलाड़ियों एवं तकनीकी पदाधिकारी के बीच उत्साह का संचार किया। जिला खेल पदाधिकारी दरभंगा श्री परिमल के कुशल संचालन कौशल के तहत सभी कठिनाइयों से मुक्त एवं सभी अच्छी व्यवस्था के साथ इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का सुखद संचालन किया जा रहा है। आज खेले गए अंडर-4 एवं 17 लीग मैच के परिणाम इस प्रकार हैं
अंडर 14 मैच का परिणाम
सीवान ने शेखपुरा को 8-0, बेगूसराय ने रोहतास को 3-0, दरभंगा ने पश्चिमी चंपारण को 1-0, समस्तीपुर ने जहानाबाद को 2-1, एकलव्य ने गोपालगंज को 7-1, बेगूसराय ने मधेपुरा को 3-2,पटना ने नालंदा को 5-1, दरभंगा ने मधुबनी को 3-0, रोहतास ने मधेपुरा को 2-1, नालंदा ने भागलपुर को 7-0, पश्चिमी चंपारण ने मधुबनी को 2-0 से पराजित किया।
अंडर-17 बालिका का परिणाम
सीवान ने बेगूसराय को 12 -1, सारण ने मुजफ्फरपुर को 11 -0, पटना ने कैमूर को 5-0 ,समस्तीपुर ने पश्चिमी चंपारण को 2-0 एवं अंतिम मैच में दरभंगा ने मधेपुरा को 8-1 से पराजित किया।
खिलाड़ियों की सुविधा के लिए दरभंगा सदर अस्पताल से डॉक्टर सुधीर कुमार के नेतृत्व में अमित कुमार पासवान एवं टेक्निकल टेक्नीशियन पवन यादव बच्चों को अपनी स्वास्थ्य से संबंधित सेवाएं दे रहे हैं। खिलाड़ियों की व्यवस्थित व्यवस्था के लिए जिला हैंडबॉल संग के अधिकारियों में मनीष कोहली, मिथिलेश कुमार दास, राजेश कुमार ,राकेश कुमार, राकेश कुमार सिंह ,बलदेव मेहता एवं राजीव कुमार का सहयोग जिला खेल पदाधिकारी श्री परिमल के नेतृत्व में सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
सायं कालीन सत्र में बारिश के कारण मैदान में काफी जल जमा होने के फल स्वरुप तकनीकी पदाधिकारी ने जिला खेल पदाधिकारी श्री परिमल के अनुशंसा पर आज के मैच को स्थगित किया है। दूधिया रोशनी में खेल की संपूर्ण व्यवस्था सुंदर ढंग से की गई है।
