पावापुरी, 5 अप्रैल। स्थानीय एसएससीसी ग्राउंड पर खेली जा रही रणधीर वर्मा बीसीए मेंस वनडे ट्रॉफी के मगध जोन के लीग मुकाबले में नालंदा ने शेखपुरा को 121 रन से हराया। नालंदा की ओर से पांच विकेट चटकाने वाले विनीत कुमार को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
मैच का सार
टॉस नालंदा ने जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। नालंदा ने निर्धारित 50 ओवर में सात विकेट पर 313 रन बनाये। जवाब में शेखपुरा की टीम 41.1 ओवर में 192 रन पर ऑल आउट हो गई।
नालंदा की बैटिंग
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी नालंदा की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और शुरुआती विकेट जल्दी गिर गए। लेकिन इसके बाद कप्तान आरव रॉय ने जिम्मेदारी लेते हुए पारी को संभाला और 80 रन की शानदार पारी खेली।
मध्यक्रम में राज गुरु (55) और सौरव कुमार सिंह (47) ने उपयोगी योगदान दिया। वहीं अंत में मोहम्मद अयान अरमान ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 38 गेंदों में 72 रन ठोक दिए। उनकी इस तेज पारी ने टीम को 300 के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
शेखपुरा की बैटिंग
313 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी शेखपुरा टीम की शुरुआत ठीक-ठाक रही, लेकिन टीम बड़े साझेदारी बनाने में नाकाम रही। अर्नव आदित्य ने 55 रन बनाकर संघर्ष किया, जबकि फैजान अली (34) और सुधांशु शेखर (32) ने कुछ हद तक साथ दिया।
लेकिन लगातार विकेट गिरने से टीम दबाव में आ गई और पूरी टीम 192 रन पर सिमट गई।
नालंदा के गेंदबाज विनीत विक्रम कुमार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 9.1 ओवर में 35 रन देकर 5 विकेट झटके। इसके अलावा नीरज यादव ने 32 रन देकर 2 और अरुणेश वर्मा ने 30 रन देकर 1 विकेट चटकाये।
संक्षिप्त स्कोर
नालंदा : 50 ओवर में सात विकेट पर 313 रन, आरव रॉय 80, एमडी अयान अरमान 72, राज गुरु 55, सौरव कुमार सिंह 47, आशीष कुमार 3/51, सचिन कुमार 2/53, अर्णव आदित्य 1/67, आशीष कुमार 1/48
शेखपुरा : 41.1 ओवर में 192 रन पर ऑल आउट, अर्नव आदित्य 55, फैजान अली 34, सुधांशु शेखर 32, विनीत कुमार 5/35, नीरज यादव 2/32,दिवाकर कुमार 1/36, अरुणेश वर्मा 1/30