पटना, 2 अप्रैल। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में खेली जा रहे रणधीर वर्मा मेंस अंडर-19 वनडे ट्रॉफी के शाहाबाद जोन के मुकाबले में कैमूर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए औरंगाबाद को 4 विकेट से हराकर महत्वपूर्ण जीत दर्ज की। आर्यन पटेल (4 विकेट) को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।
मैच का सार
सदीसोपुर स्थित डीएल सिंह क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए मैच में कैमूर ने टॉस जीता और औरंगाबाद को बैटिंग का न्योता दिया। औरंगाबाद ने पहले बैटिंग करते हुए 45 ओवर में नौ विकेट पर 204 रन बनाये। जवाब में कैमूर ने 43.2 ओवर में 6 विकेट पर 207 रन बना कर मैच अपने नाम कर लिया।
औरंगाबाद की पारी
पहले बल्लेबाजी करते हुए औरंगाबाद ने 45 ओवर में नौ विकेट पर 204 रन का स्कोर खड़ा किया। ऊपरी क्रम के बैटर पूरी तरह फ्लॉप रहे।
मध्यक्रम में अंकुश अग्रवाल ने 72 रन की शानदार पारी खेलकर टीम को संभाला। उनके अलावा सोनल सिंह राजपूत ने 32 रन और अंकित कुमार ने 34 रन का योगदान दिया। मध्यक्रम की इस साझेदारी ने टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
कैमूर की ओर से आर्यन पटेल ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 9 ओवर में 30 रन देकर 4 विकेट झटके। आसिफ अहमद, अभिमन्यु सिंह, सुधांशु रंजन और अतुल कुमार ने 1-1 विकेट चटकाये।
कैमूर की आसान जीत
205 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कैमूर टीम ने संयमित शुरुआत की और नियमित अंतराल पर साझेदारी बनाते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया। रोहित कुमार गुप्ता ने 37 रन बनाए, जबकि अतुल कुमार ने 20 रन का योगदान दिया।
कप्तान आसिफ अहमद ने नाबाद 23 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई, जबकि सूर्यांश तिवारी ने 25 रन की उपयोगी पारी खेली।
संक्षिप्त स्कोर
औरंगाबाद : 45 ओवर में नौ विकेट पर 204 रन, अंकित पांडेय 11, अंकित कुमार 34, अंकुश अग्रवाल 72, सोनल राजपूत 32, प्रभात सिंह नाबाद 10, अतिरिक्त 13, आर्यन पटेल 4/30, आसिफ अहमद 1/57, अभिमन्यु सिंह 1/37, सुधांशु रंजन 1/41, अतुल कुमार 1/9.
कैमूर : 43.2 ओवर में 6 विकेट पर 207 रन, अभिजीत कुमार 17, रोहित गुप्ता 37, अतुल कुमार 20, प्रदीप यादव 27, हरि चौबे 15, सौरभ मिश्रा 25, आसिफ अहमद नाबाद 23, सूर्यांश तिवारी नाबाद 25, अतिरिक्त 18, अजय कुमार 1/44, नंदन कुमार 3/30, अंकुश अग्रवाल 2/37