कुआलालम्पुर। मेजबान भारत को 2022 में होने वाले एएफसी महिला एशियाई कप फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए गुरुवार को जारी किये गये ड्रॉ में चीन, चीनी ताइपै और ईरान जैसी मजबूत टीमों के साथ ग्रुप ए में रखा गया है।
फीफा की रैंकिंग में 57वें स्थान पर काबिज भारत इस ग्रुप में चीन (17वें), और चीनी ताइपै (40वें) के बाद तीसरे स्थान पर आता है। ईरान 72वें स्थान पर है।
मलेशिया की राजधानी में एशियाई फुटबॉल परिसंघ (एएफसी) के मुख्यालय में ड्रॉ डाले गये। भारत को 20 जनवरी से छह फरवरी के बीच इस टूर्नामेंट की मेजबानी करनी है।
महिलाओं के इस महत्वपूर्ण टूर्नामेंट के लिए क्वालीफायर्स से चीनी ताइपै, इंडोनेशिया, ईरान, कोरिया, म्यांमार, फिलीपींस, थाईलैंड और वियतनाम ने फाइनल्स में जगह बनायी।
India has been placed in Group A with China PR, Chinese Taipei and IR Iran!
— Praful Patel (@praful_patel) October 28, 2021
Eagerly looking forward to the #WAC2022 and all the exciting matches that we will be hosting and playing starting 20th January 2022. @IndianFootball @theafcdotcom#ShePower #OurGoalForAll pic.twitter.com/mo5FS95ytx
पिछले टूर्नामेंट में शीर्ष तीन में रहे जापान, आस्ट्रेलिया और चीन के अलावा मेजबान भारत की इसमें पहले ही जगह सुनिश्चित हो गयी थी।
अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) के अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल ने ट्वीट किया, ‘‘भारत को चीन, चीनी ताइपै और ईरान के साथ ग्रुप ए में रखा गया है। हमें महिला एशियाई कप 2022 और उन सभी रोमांचक मैचों का बेसब्री से इंतजार है जिनकी हम 20 जनवरी 2022 से मेजबानी करेंगे और उनका हिस्सा बनेंगे।’’
भारत अपना पहला मैच 20 जनवरी को ईरान से खेलेगा।