Tuesday, June 2, 2026
Home बिहारअन्य राजगीर में खेल अकादमी व खेल विश्वविद्यालय का 29 अगस्त को CM Nitish Kumar करेंगे उद्घाटन

राजगीर में खेल अकादमी व खेल विश्वविद्यालय का 29 अगस्त को CM Nitish Kumar करेंगे उद्घाटन

by Khel Dhaba
0 comment

पटना, 27 अगस्त। बिहार में राष्ट्रीय खेल दिवस 29 अगस्त को राजगीर खेल अकादमी का उद्घाटन होगा, जिसमें एशियन खेल की विजेता भारतीय महिला हॉकी टीम का प्रदर्शनी मैच का आयोजन किया जायेगा।

खेल विभाग के प्रधान सचिव डॉ. बी. राजेन्दर ने मंगलवार को यहां बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवीन्द्रण शंकरण और भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि की उपस्थिति में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि राज्य में खेल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्वतंत्र रूप से खेल विभाग का गठन किया गया है। पूर्व में राज्य सरकार द्वारा राजगीर के 90 एकड़ भूखंड पर करीब 750 करोड़ रुपये की लागत से राज्य खेल अकादमी -सह- अन्तर्राष्ट्रीय स्तर के आधुनिक क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण के लिये प्रशासनिक स्वीकृति दी गयी थी।

श्री राजेंदर ने बताया कि राष्ट्रीय खेल दिवस 29 अगस्त 2024 को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राजगीर खेल अकादमी, नालन्दा का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर राज्य के कुल नौ अन्तर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धि के अनुसार नकद पुरस्कार एवं सम्मान दिया जाएगा। नवनिर्मित हॉकी टर्फ पर भारतीय महिला हॉकी टीम जो एशियन गेम्स विजेता है, उनका प्रदर्शनी मैच का आयोजन किया जाना है। प्रदर्शनी मैच के बाद भारतीय महिला हॉकी टीम 01 सितम्बर, 2024 तक उक्त परिसर में अभ्यास करेगी तथा उनके साथ राज्य के चार एकलव्य केन्द्रों के हॉकी प्रशिक्षुओं को खेलने का अवसर मिलेगा ।

प्रधान सचिव ने बताया कि राज्य खेल अकादमी-सह- अन्तर्राष्ट्रीय स्तर के आधुनिक क्रिकेट स्टेडियम की कुल लागत लगभग 750 करोड़ रुपये है। इसका निर्माण कार्य भवन निर्माण विभाग कर रहा है। बिहार खेल विश्वविद्यालय बिहार राज्य में शारीरिक शिक्षा, खेल विज्ञान, खेल प्रौद्योगिकी, खेल प्रबंधन और खेल प्रशिक्षण के क्षेत्र में खेल शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ ही खेलों के लिये उच्च स्तरीय शोध प्रशिक्षण केन्द्र के रूप में कार्य करने के उद्देश्य से राज्य सरकार के द्वारा 16 जुलाई 2021 को ‘बिहार खेल विश्वविद्यालय’ के स्थापना की स्वीकृति दी गई।

श्री शंकरण ने बताया कि बिहार खेल विश्वविद्यालय का संचालन राज्य खेल अकादमी राजगीर के परिसर में संचालित होना है। विश्वविद्यालय के सुगम संचालन के लिये पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के कुल 31 पदों के सृजन की स्वीकृति 08 जुलाई 2022 मंत्रिपरिषद द्वारा प्रदान की गयी है। भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी रजनीकांत को 01 सितंबर 2024 के प्रभाव से बिहार खेल निदेशालय के रजिस्ट्रार के पद पर नियुक्त किया गया है। प्रथम कुलपति की नियुक्ति होने तक वे कुलपति का कार्य भी देखेंगे।

खेल महानिदेशक ने बताया कि इस परिसर में खिलाड़ी छात्रावास (पुरुष एवं महिला) ट्रान्जिट हॉस्टल, प्रशिक्षक आवास, उप निदेशक, सहायक निदेशक, निदेशक एवं कर्मचारी आवास का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। राज्य खेल अकादमी एवं अन्तर्राष्ट्रीय मानक के क्रिकेट स्टेडियम राजगीर के सुगम संचालन के लिये विभिन्न कोटि के स्थाई 81 पदों एवं संविदा पर 33 पदों की स्वीकृति राज्य सरकार द्वारा दी गयी है, जिसके अन्तर्गत निदेशक, उप निदेशक, सहायक निदेशक, खेल विधावार प्रशिक्षक, मीडिया प्रभारी, डाइटिशियन, साईन्टिफिक ऑफिसर, लाईब्रेरियन, मशाजर, योग गुरू, योग प्रोफेशनल आदि की नियुक्ति की जायेगी।

अन्तर्राष्ट्रीय मानक के क्रिकेट स्टेडियम में पवेलियन, रिवर्स पवेलियन, जेनरल स्टैंड, मीडिया, हॉस्पीटैलिटी, कैटरींग, वी०आई०पी० प्लेयर्स स्टैंड, अभ्यास क्रिकेट पिच सहित पार्किंग की सुविधा का निर्माण कार्य लगभग 55 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है, इसमें 2 स्तर के बैठने हेतु दर्शक दीर्घा का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है। शेष कार्य जून, 2025 तक पूर्ण किये जाने की सम्भावना है।

भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि ने बताया कि राज्य खेल अकादमी के माध्यम से राज्य के खिलाड़ियों को अन्तर्राष्ट्रीय स्तर के वैज्ञानिक प्रशिक्षण एवं अन्य सुविधा प्रदान करना एवं राज्य में विभिन्न खेलों का राष्ट्रीय और अन्तर्राष्ट्रीय स्तर के आयोजन के लिये आधुनिक खेल अवसंरचना का निर्माण कराया जा रहा है, जिसमें एथलेटिक्स ट्रैक, फुटबॉल स्टेडियम, हॉकी टर्फ स्टेडियम, स्वीमिंग पुल, बास्केट बॉल, वॉलीबॉल, हैण्डबॉल, लॉनटेनिस, कुश्ती, भारोत्तोलन, कबड्डी, बैडमिंटन कोर्ट, तीरंदाजी, शुटिंग, टेबुल टेनिस, तलवारबाजी, विलियर्ड, जुडो, ताइक्वान्डो, साइक्लिंग, वेलोड्रोम आदि खेलों के इन्डोर एवं आउटडोर स्टेडियम का निर्माण हो रहा है।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Laest News

@2025 – All Right Reserved.