पटना, 2 नवंबर। पाटलिपुत्र खेल परिसर में बिहार टेबुल टेनिस संघ के बैनर तले पटना जिला टेबुल टेनिस संघ की मेजबानी में संपन्न चौथी बिहार राज्य रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप में पटना की कुमारी अनन्या ने कुल चार खिताब अपने नाम किये।
खेल के अंतिम दिन कुमारी अनन्या ने बालिका अंडर-19 और सीनियर महिला वर्ग का खिताब अपने नाम किया। इसके पहले कुमारी अनन्या ने बालिका अंडर-15 और अंडर-17 का खिताब अपने नाम किया था। पुरुष एकल वर्ग में अंकित कुमार ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए खिताब जीता।
यह भी पढ़ें : बिहार रैंकिंग टेबुल टेनिस : कुमारी अनन्या और आयुष मिश्रा को दोहरा खिताब
पुरुष एकल वर्ग में अंकित का जलवा
फाइनल मुकाबले में अंकित कुमार ने सूरज कुमार को एकतरफा मुकाबले में 4-0 से हराया। सेमीफाइनल में अंकित ने आदित्य को 4-2 से मात दी थी जबकि सूरज ने किशन राज को 4-3 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।
महिला एकल में अनन्या का परचम
महिला एकल वर्ग के फाइनल में कुमारी अनन्या ने रियांशी गुप्ता को 4-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया। सेमीफाइनल में अनन्या ने नीलांजना शर्मा को 4-1 से और रियांशी गुप्ता ने फाल्गुनी मुखर्जी को 4-3 से हराया।
अंडर-19 बालिका वर्ग में भी अनन्या का जलवा
कुमारी अनन्या ने अंडर-19 बालिका वर्ग में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए नीलांजना शर्मा को रोमांचक मुकाबले में 3-2 से पराजित कर खिताब जीत लिया। सेमीफाइनल में उन्होंने नव्या लक्ष्मी को 3-1 से हराया, जबकि नीलांजना ने नूपुर बनर्जी को 3-1 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।
यह भी पढ़ें : बालिका वॉलीबॉल में दरभंगा प्रमंडल को दोहरा खिताब
पुरस्कार वितरण समारोह
विजेताओं को डॉ. हिमांशु रॉय और संजय कुमार (उपनिदेशक, खेल विभाग) ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर पटना जिला टेबुल टेनिस संघ के सचिव दिलीप गांधी ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।