सीतामढ़ी, 19 मार्च। तथागत आनंद (100 रन) के शानदार शतक और मनीष कुमार (5 विकेट) के ‘पंजा’ की बदौलत शिवहर ने बीसीए मेंस अंडर-23 वनडे ट्रॉफी के मिथिला जोन के मुकाबले में सीतामढ़ी को 152 रन के भारी अंतर से पराजित किया। विजेता टीम के मनीष कुमार को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
मैच का सार
स्थानीय जानकी स्टेडियम में खेले गए मैच में टॉस सीतामढ़ी ने जीता और शिवहर को बैटिंग का न्योता दिया। शिवहर ने पहले बैटिंग करते हुए 50 ओवर में पांच विकेट पर 280 रन बनाये। जवाब में सीतामढ़ी की टीम 25 ओवर में 128 रन पर ऑल आउट हो गई।
शिवहर की बैटिंग
शिवहर की पारी की शुरुआत साधारण रही, लेकिन इसके बाद बल्लेबाजों ने शानदार लय पकड़ी। ऊपरी क्रम में अभिषेक और शिवम झा ने बढ़िया शुरुआत दी और उसके बाद अरिहंत और तथागत आनंद ने अच्छी बैटिंग कर शिवहर को एक उच्च स्कोर तक पहुंचा दिया। बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए तथागत आनंद ने 81 गेंदों में 100 रन की शतकीय पारी खेली, जिसमें 12 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। उनके अलावा अरिहंत कश्यप ने 57 रन की नाबाद पारी खेलकर टीम को मजबूती दी, जबकि अभिषेक कुमार ने 51 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया। शिवम झा ने भी 31 रन का योगदान किया। इन पारियों की बदौलत शिवहर ने 50 ओवर में पांच विकेट पर 280 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
सीतामढ़ी मात्र 128 रन पर ऑल आउट
जवाब में 281 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सीतामढ़ी की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। शुरुआती विकेट जल्दी गिरने के बाद टीम मैच में वापसी नहीं कर सकी। छोटू राय ने 28 रन और उत्कर्ष कुमार तथा प्रियंशु कुमार ने 24-24 रन बनाकर संघर्ष जरूर किया, लेकिन टीम 25 ओवर में 128 रन पर सिमट गई।
शिवहर की ओर से कप्तान मनीष कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 8 ओवर में 39 रन देकर 5 विकेट झटके और मैच के हीरो बने। वहीं वीर प्रकाश वर्मा ने 13 रन देकर 3 और अंकित राज ने 15 रन देकर 1 विकेट लेकर टीम की जीत सुनिश्चित की।
संक्षिप्त स्कोर
शिवहर : 50 ओवर में पांच विकेट पर 280 रन, तथागत आनंद 100, अरिहंत कश्यप नाबाद 57, अभिषेक कुमार 51, शिवम झा 31, अतिरिक्त 34, अनिश हरी सिंह 1/46, हर्षित कुमार मिश्रा 1/45, उत्कर्ष कुमार 1/2
सीतामढ़ी : 25 ओवर में 128 रन पर ऑल आउट, छोटू राय 28, उत्कर्ष कुमार 24, प्रियांशु कुमार 24, अभिषेक 15, अतिरिक्त 19, मनीष कुमार 5/39, वीर प्रकाश वर्मा 3/13, अंकित राज 1/15,उत्कर्ष कुमार 1/2