Wednesday, December 3, 2025
Home राष्ट्रीयक्रिकेट पोलार्ड की कमी पूरी कर सकते हैं डेविड : मांजरेकर

पोलार्ड की कमी पूरी कर सकते हैं डेविड : मांजरेकर

by Khel Dhaba
0 comment

मुंबई। पूर्व भारतीय क्रिकेटर संजय मांजरेकर का मानना है कि मुंबई इंडियंस के विस्फोटक बल्लेबाज टिम डेविड टिम इस फ्रेंचाइजी में रिटायर हो चुके कीरोन पोलार्ड की कमी पूरी कर सकते हैं।

पोलार्ड 2011 में मुंबई इंडियंस से जुड़े थे और इस टीम को पांच बार चैंपियन बनाने में उनकी अहम भूमिका रही। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की 171 पारियों में 147.32 के स्ट्राइक रेट से 3412 रन बनाने वाले पोलार्ड ने मुंबई के लिए कई मैच जिताऊ पारियां खेली थीं, लेकिन 2022 में उनकी खराब फॉर्म टीम के लिए एक बड़ा सिरदर्द बन गई। आईपीएल 2022 मुंबई में बतौर खिलाड़ी पोलार्ड का आखिरी सीजन साबित हुआ, हालांकि टीम को डेविड के रूप में एक नया फिनिशर मिल गया है।

डेविड ने रविवार को राजस्थान के खिलाफ 14 गेंद पर दो चौकों और पांच छक्कों के साथ 45 रन की आतिशी पारी खेली। मुंबई को 213 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए आखिरी ओवर में 17 रन की जरूरत थी और डेविड ने तीन गेंदों पर तीन छक्के जड़कर मुंबई को जीत दिलाई।

मांजरेकर ने स्टार स्पोर्ट्स के एक कार्यक्रम पर कहा, “टिम डेविड ने जो धैर्य दिखाया वह लाजवाब था। उन्हें पोलार्ड के विकल्प के रूप में देखा जा रहा था और उन्होंने वह कर दिखाया। उनका मैच जिताऊ प्रदर्शन उन्हें औरों से बेहतर बनाता है।”

डेविड से पहले वानखेड़े स्टेडियम में आए दर्शकों को रॉयल्स के यशस्वी जायसवाल की विस्फोटक शतकीय पारी देखने को मिली थी। जायसवाल ने 62 गेंद पर 16 चौकों और आठ छक्कों की मदद से 124 रन की पारी खेली, हालांकि उनका यह प्रयास टीम को जीत नहीं दिला सका।

पूर्व भारतीय गेंदबाज हरभजन सिंह ने कहा कि जायसवाल की यह पारी उनके लिए असीम संभावनाओं के दरवाजे खोल देगी।

हरभजन ने कहा, “इस शतकीय पारी ने यशस्वी जायसवाल के लिए कई दरवाजे खोल दिए हैं। वह एक मैच जिताऊ खिलाड़ी हैं। उनके पास हर तरह के शॉट हैं और सबसे महत्वपूर्ण वह एक दिलेर खिलाड़ी हैं। भारतीय क्रिकेट जायसवाल जैसे खिलाड़ियों की वजह से फल-फूल रहा है।”

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Subscribe my Newsletter for new blog posts, tips & new photos. Let's stay updated!

Laest News

@2025 – All Right Reserved.

Verified by MonsterInsights