बेंगलुरु। स्थानीय चिन्नास्वामी स्टेडियम में रणजी ट्रॉफी का फाइनल मुकाबला मुंबई और मध्यप्रदेश के बीच खेला जा रहा है। पहले दिन की खेल समाप्ति तक मुंबई ने पांच विकेट पर 248 रन बना लिये हैं। यशस्वी जायसवाल ने 78 रन की शानदार पारी खेली। फिलहाल सरफराज खान 125 गेंदों पर 40 रन और शम्स मुलानी 43 गेंदों पर 12 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
मुंबई के कप्तान पृथ्वी शॉ ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई की शुरुआत अच्छी रही। कप्तान पृथ्वी शॉ अर्धशतक बनाने से चूक गए। वह 79 गेंदों पर 47 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें अनुभव अग्रवाल ने क्लीन बोल्ड किया। पृथ्वी और यशस्वी के बीच पहले विकेट के लिए 87 रन की साझेदारी हुई।
यशस्वी जायसवाल ने इसके बाद अरमान जाफर के साथ मिलकर 33 रन की साझेदारी की। अरमान 26 रन बनाकर कार्तिकेय की गेंद पर यश को कैच थमा बैठे। सुवेद पारकर 18 रन ही बना सके। उन्हें सारांश ने आदित्य श्रीवास्तव के हाथों कैच कराया। हार्दिक तमोरे 24 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें सारांश ने रजत पाटीदार के हाथों कैच कराया।
यशस्वी जायसवाल (Yashasvi Jaiswal) का रणजी ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन जारी रहा। फाइनल की पहली पारी में (Ranji Trophy Final 2022) वे 78 रन बनाकर आउट हुए. इससे पहले अंतिम तीनों पारियों में उन्होंने शतक लगाया था।
मध्य प्रदेश की ओर से अनुभव अग्रवाल और सारांश जैन ने दो-दो विकेट लिए। वहीं, कुमार कार्तिकेय को एक विकेट मिला।