गया। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में चल रहे बीसीए अंतर जिला टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के मगध जोन के अंतर्गत मंगलवार को खेले गए पहले मैच में जहानाबाद ने अरवल को 43 रनों से पराजित किया।
गया के गया कॉलेज खेल परिसर मैदान पर खेले गए मैच में जहानाबाद ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में सैयद सैफुल्लाह के 51 रनों की अर्धशतकीय पारी और सचिन के नाबाद 30 रनों की उपयोगी पारी के सहारे 7 विकेट खोकर 186 रन बनाए। अरवल की ओर से गेंदबाज हिमांशु ने 21 रन देकर 3 और वेदांत यादव ने 20 रन देकर 2 विकेट चटकाए।
जवाब में इस लक्ष्य का पीछा करने उतरी अरवल की टीम जहानाबाद के गेंदबाज महाराणा (20 रन देकर तीन), कंचन 19 रन देकर दो विकेट) और रजनीश (24 रन देकर दो विकेट) की तिकड़ी के सामने 20 ओवरों में 9 विकेट खोकर 143 रन ही बना सकी और जहानाबाद की हाथों अरवल को 43 रनों से शिकस्त झेलनी पड़ी। अरवल की ओर से अश्वनी कुमार सिंह ने 28 रन जबकि प्रवीण कुमार सिंह ने 21 रनों का योगदान दिया। रजनीश कुमार को उम्दा प्रदर्शन (51 रन और 2 विकेट) के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।






