Wednesday, June 10, 2026
Home बिहारफुटबॉल दानापुर रेल मोइनुल हक फुटबॉल के सेमीफाइनल में

दानापुर रेल मोइनुल हक फुटबॉल के सेमीफाइनल में

by Khel Dhaba
0 comment

बांका। गत चैम्पियन दानापुर रेल क्वार्टर फाइनल मैच जीत कर 70वीं बिहार राज्य मोइनुल हक फुटबॉल चैम्पियनशिप के सेमीफाइनल में प्रवेश किया। बिहार फुटबॉल संघ के तत्वावधान में बांका जिला फुटबाल संघ द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में दानापुर रेल ने अरवल को 3-1 से हराया।

गत चैम्पियन दानापुर रेल व ‘डार्क हार्स’ अरवल के बीच पहला क्वार्टर फाइनल हुआ। बंगाल स्टाइल का फुटबॉल खेलने के लिए मशहूर दानापुर रेल के खिलाडिय़ों ने अरवल के खिलाफ शुरू से ही चौकन्ना होकर खेले।

अरवल के खिलाड़ी भी दानापुर के खेल शैली को समझने लगे। मैन टू मैन मार्क का खेले गये इस मैच का पहला गोल 16वें मिनट पर दानापुर के कप्तान अजय शर्मा ने संतोष हेम्ब्रम से मिले पास पर दागा। इसके बाद अरवल के खिलाड़ी आक्रामक हो लम्बे-लंबे पास के सहारे अटैक शुरू किया। अरवल के आशुतोष कुमार 29वें मिनट पर और अमन कुमार 31वें मिनट में गोल करने से चूके। दानापुर के गोलकीपर सुमित कुमार ने मध्यांतर तक गोल नहीं होने दिया।

दूसरे हाफ में अरवल के खिलाड़ी तेज खेलना शुरू किया। खेल के 46वें मिनट में अरवल के लिए अविनाश ने बेहतरीन पास अपने स्ट्राइकर आशुतोष को दिया। लेकिन वे गोल नहीं कर सके। दानापुर के तेज तर्रार स्ट्राइकर सामंत कुमार ने एकाकी प्रयास से गोल दागकर अपनी टीम को 2-0 से आगे कर दिया। 51वें मिनट में अरवल के लिए गोल अविनाश ने दागा।

इस गोल के कारण अरवल के खिलाड़ी पूरी तरह विद्युत प्रवाह से खेलने लगे। लेकिन दानापुर के खिलाड़ी शांत भाव से छोटे-छोटे पास के सहारे खेलते रहे। 76वें मिनट में दानापुर रेल की ओर से तीसरा गोल अनवर हुसैन ने दागकर मैच में अपनी टीम को 3-1 से विजयी बना दिया। इस तरह दानापुर रेल की टीम सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गयी। दानापुर से अफजल आलम, मनोज बहादुर ने और अरवल से इफ्तिखार, राहुल, अनिल ने अच्छा प्रदर्शन किया। मैच में दिवाकर कुमार रेफरी थे जबकि रवि रंजन, शिवब्रत गौतम, हरेन्द्र यादव सहायक रेफरी थे।
कल का क्वार्टर फाइनल मैच
पूर्वी चम्पारण बनाम भागलपुर
जमालपुर रेल बनाम पटना

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Laest News

@2025 – All Right Reserved.